- दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं- डॉ पंकज कुमार सिंह
- ‘चलो ऐप’ से डिजिटल बस टिकट खरीदने पर 10 फीसदी की छूट मिलेगी
नई दिल्ली । 23 सितंबर, 2025 । नवरात्रि के शुभ अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के महाराणा प्रताप ISBT कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस टर्मिनल से उत्तरप्रदेश के बड़ौत तक चलने वाली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक इंटर-स्टेट AC बस सेवा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFCS) के उद्घाटन के साथ ही ‘चलो ऐप’ को ONDC (ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स) प्लेटफॉर्म पर लॉन्च किया। इंटर-स्टेट बस सेवा के उद्घाटन के अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ यूपी के बागपत से सांसद डॉक्टर राजकुमार सांगवान, दिल्ली परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कैनरा बैंक के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उद्घाटन के अवसर पर दिल्ली परिवहन निगम (DTC) और कैनरा बैंक के बीच AFCS के पूरे नेटवर्क में रोल आउट के लिए MoU पर भी हस्ताक्षर किए गए। इसी दौरान मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इंटर-स्टेट बसों के कंडक्टरों को ई-टिकट बनाने के लिए POS मशीनें वितरित की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नवरात्रि के शुभ अवसर पर दिल्ली के नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि हमारी सरकार की हर नई पहल इतिहास बन जाती है। उन्होंने जनता के लिए किए जा रहे दिल्ली सरकार के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार के प्रयास से दिल्लीवासियों को रोज़मर्रा की सुविधाएं और कई तरह की आधुनिक सेवाएं मिल रही हैं। सीएम ने वरिष्ठ अधिकारियों, DTC कर्मचारियों के परिवार और बैंक के प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सरकारी कर्मियों की ऊर्जा, रचनात्मकता और समर्पण की जमकर सराहना की और अधिकारियों को दिल्ली के विकास का सच्चा वाहक (हनुमान) बताया।

इंटर-स्टेट बस सेवा की शुरुआत के बाध मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि दिल्ली ने लगभग 18 वर्षों तक अपनी इंटर-स्टेट बस सेवा नहीं चलाई, जबकि अन्य राज्यों की बसें राजधानी दि्लली में चलती रही। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में निजी बसें चल सकती थीं, तो दिल्ली सरकार की क्यों नहीं? हमारे नागरिकों को अच्छी से अच्छी सुविधाएं हर हाल में मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दिल्ली–बड़ौत एसी बस सेवा केवल पहला कदम है। बहुत जल्द कई और नए इंटर-स्टेट रूट पर विशेष तौर पर धार्मिक स्थलों के लिए हर महीने बस सेवा शुरू की जाएगी। AC बस सेवाएं न केवल दैनिक यात्रा को सुहाना और आसान बनाएंगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देने का काम करेंगी।
पिछली सरकार की विफलताओं और राजस्व घाटे को लेकर साकारात्मक भविष्य की दिशा पर बात करते हुए सीएम ने सवाल पूछा कि ऐसे रेवेन्यू हासिल करने वाले सेक्टर को पिछली सरकारों ने आखिर क्यों बंद कर दिया। उन्होंने कहा हमारी सरकार नए ऑटोमेटेड फेयर कलेक्शन सिस्टम (AFCS) को भ्रष्टाचार और अक्षमताओं को खत्म करने के लिए डिज़ाइन किए हैं। यह नया सिस्टम फेयर कलेक्शन में पारदर्शिता लाएगा। बिके हुए टिकटों की संख्या का बस यात्रियों से मिलान संभव होगा। बस फेयर से हुई पूरी आमदनी किसी दूसरे के जेब में नहीं, बल्कि सीधे DTC के बैंक खाते में जाएगी। जब सरकार की आमदनी बढ़ेगी, तभी हम जनता की समस्याओं का सही तरीके से समाधान कर पाएंगे। हमारी सरकार का लक्ष्य DTC को रेवेन्यू सरपल्स वाला संस्था बनाकर हर नागरिक तक इसका लाभ पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने कई महत्वपूर्ण परिचालन सुधारों पर प्रकाश डालते हुए घोषणा की कि रूट रेशनलाइजेशन के जरिए सभी मार्गों का पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि लास्ट माइल कनेक्टिविटी के साथ राजधानी दिल्ली के हर कोने तक बसें पहुंच सकें। जहां पिछली सरकार के कार्यकाल में बसें तक उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि ऐसा सिस्टम तैयार किया गया है कि बसें खराब होने की स्थिति में समय बचाने और ट्रैफिक की समस्या कम करने के लिए सबसे नजदीकी बस डिपो से मैकेनिक तुरंत मौके पर पहुंच जाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास कर हमारी सरकार DTC को पुनर्जीवित करने, सभी बस डिपो में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने और ISBTs को भव्य ट्रांजिट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैनरा बैंक के सहयोग से विकसित AFCS पुराने मैनुअल टिकटिंग सिस्टम को आधुनिक PoS/ETM मशीनों से बदलता है, जो नकद, UPI, डेबिट/क्रेडिट कार्ड के साथ Universal QR कोड और NCMC को भी सपोर्ट करता है। डीटीसी के पूरे बेड़े में Universal QR कोड वाले स्टिकर लगाए जा चुके हैं, जिसके जरिए बेहद आसान तरीके से टिकट खरीदना और भुगतान संभव होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल 3000 मशीनें कैनरा बैंक के सहयोग से मुफ्त में वितरित की जा रही हैं। ये आधुनिक मशीनें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के साथ राजस्व की चोरी रोकेंगी और हर यात्री का किराया सीधे DTC के खाते में जाएगा।
नई दिल्ली-बड़ौत एसी बस सेवा दिल्ली के महाराणा प्रताप आईएसबीटी से शुरू होकर खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टैंड, यूपी बॉर्डर, लोनी, मंडोला, खेकरा, काठा, बागपत, गौरीपुर, सरूरपुर और ट्योढ़ी से होते हुए बड़ौत तक पहुंचेगी और वापस इसी रूट से दिल्ली पहुंचेंगी। इंटर-स्टेट एसी बसें पूरी तरह इलेक्ट्रिक होने के साथ रोजाना तय समय-सारणी के हिसाब से चलेंगी।
दिल्ली–बड़ौत एसी बस सेवाएं रोजाना सुबह 4 बजकर 50 मिनट, 5 बजकर 20 मिनट, 5 बजकर 50 मिनट के साथ ही शाम को 5 बजे, 5 बजकर 30 मिनट और 6 बजे दिल्ली से शुरू होकर बड़ौत तक जाएंगी। तो वहीं, यूपी के बड़ौत बस डिपो से दिल्ली की तरफ सुबह 7 बजे, 7 बजकर 30 मिनट और सुबह 8 बजे के साथ ही शाम को 19:30 बजे, रात 8 बजे और 8 बजकर 30 मिनट पर बसें दिल्ली की तरफ रवाना होंगी।
इन बसों से महाराणा प्रताप ISBT से बड़ौत तक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ ही निजी बस ऑपरेटरों पर निर्भरता को भी कम करने के साथ पर्यावरण अनुकूल मोबिलिटी को बढ़ावा देगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने प्रदूषण कम करने और वाणिज्यिक वाहन ऑपरेटरों के जीवन को आसान बनाने के प्रयासों का भी जिक्र करते हुए कहा कि पहले कमर्शियल वाहनों को पड़ोसी राज्यों में जाकर प्रदूषण जांच करानी पड़ती थी। हमारी सरकार ने नंद नागरी में दिल्ली का पहला बड़ा ऑटोमेटेड प्रदूषण जांच केंद्र स्थापित किया है, जिससे कमर्शियल वाहन मालिकों का झंझट खत्म हो रहा है। उन्होंने सरदार पटेल स्कूल के साथ हुए समझौते और निजी स्कूलों के साथ अपने इलेक्ट्रिक बसों की प्लीट को जोड़ने के बारे में विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्यमंत्री ने मौजूदा डिजिटल टिकटिंग प्लेटफॉर्म का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने “चलो ऐप” को ONDC के तहत एकीकृत किया, जिससे यात्री डिजिटल रूप से टिकट बुक कर सकते हैं और किराए पर 10 फीसदी छूट का लाभ उठा सकते हैं। सीएम ने कहा कि चलो ऐप दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को वैश्विक मानकों के अनुरूप बनाने के साथ विशेषकर युवाओं के लिए बेहद आसान बनाएगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के नागरिकों से स्वच्छता और स्वच्छ, सुंदर और हरित दिल्ली के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आग्रह करते हुए कहा कि हमारे परिवहन, स्वच्छता और शासन के प्रयास एक-दूसरे से आपस में जुड़े हैं। आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और पारदर्शी सिस्टम सिर्फ सरकार के लिए ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लिए बेहद लाभकारी हैं।
इस अवसर पर दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि हम इंटर-स्टेट ऐसी बस सेवा को फिर से शुरू कर रहे हैं, जो बीते कई वर्षों से ठप पड़ी हुई थी। हमारी सरकार यह दूरदर्शी पहल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन और CM रेखा गुप्ता के नेतृत्व से प्रेरित होने के साथ दिल्ली और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ा उपहार है। यह तो केवल शुरुआत है, भविष्य में कई और इंटर-स्टेट रूट शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार लोगों को सस्ती, सुलभ सार्वजनिक परिवहन के साथ ही DTC को घाटे से उबारकर पुनर्जीवित करने और पूरे परिवहन तंत्र को आधुनिक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमने पहले कदम के रूप में ऑटोमेटेड टिकटिंग मशीनें को लॉन्च किया है ताकि बस यात्रियों को कैश की जरूरत न पड़े। हमारी सरकार का अंतिम लक्ष्य राजधानी में एक ऐसा परिवहन नेटवर्क तैयार करना है जो साफ-सुथरी, सस्ती, सुगम, सुरक्षित, आधुनिक और वास्तव में दिल्लीवासियों के सफर को सुहाना बनाए।
