- पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है: आशीष सूद
- मोदी के जन्मदिन पर गीत ‘नमो प्रगति दिल्ली-बाल स्वर से राष्ट्र स्वर तक’ किया गया लॉन्च
- उत्सव में 50 से अधिक सरकारी स्कूलों ने किया योगदान, 300 से अधिक हस्तनिर्मित शुभकामना कार्ड पीएम को सौंपे जाएंगे
नई दिल्ली,। 16 सितम्बर 2025 । दिल्ली सचिवालय भावनाओं, उल्लास और राष्ट्रभक्ति से भरे ऐतिहासिक क्षण का गवाह बना। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए गीत ‘नमो प्रगति दिल्ली-बाल स्वर से राष्ट्र स्वर तक’ को औपचारिक तौर पर लॉन्च किया। इस गीत को दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने अपनी आवाज में गाया है, जिसमें भारत की विविध भाषाओं के सुर समाहित हैं। यह गीत माननीय प्रधानमंत्री जी की राष्ट्र निर्माण यात्रा और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प का सशक्त प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने बच्चों को विशेष बधाई दी, जिन्होंने प्यार और अपनेपन से सुंदर गीत और वीडियो तैयार किया और विभिन्न भाषाओं में प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री के लिए एक बहुत बड़ा और अनमोल उपहार बताया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सचिवालय पहुंचते ही दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसमें 50 से अधिक सरकारी विद्यालयों ने सक्रिय भागीदारी की, जिसमें गायन, नृत्य, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और कोरियोग्राफी जैसी प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया गया। साथ ही 400 से अधिक छात्रों ने इस विशेष गीत के रिकॉर्डिंग, रचना और प्रस्तुति में योगदान दिया, जो सीधे प्रधानमंत्री को समर्पित है। गीत के अलावा छात्रों ने 300 से अधिक हस्तनिर्मित शुभकामना कार्ड भी तैयार किए, जिनमें उन्होंने व्यक्तिगत जन्मदिन की बधाइयां लिखीं। ये कार्ड मुख्यमंत्री को सौंपे गए, जिन्होंने छात्रों को आश्वस्त किया कि वह इन्हें स्वयं, साथ ही इस गीत के साथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया, उन्हें गले लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बच्चों के साथ हाई-टी में सम्मिलित होकर समय बिताया तथा सामूहिक सेल्फी भी ली। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के केबिनेट मंत्री आशीष सूद और मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिल की गहराई से मेरी और समस्त दिल्लीवासियों की ओर से जन्मदिन की ढेरों बधाई और शुभकामनाएं। ईश्वर की कृपा आप पर और आपके माध्यम से पूरे भारत वर्ष पर बनी रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा प्रस्तुत गीत की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल गीत नहीं बल्कि राष्ट्र की सामूहिक भावना का स्वर है, जिसे इन छोटे बच्चों ने साकार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की शुभकामनाएँ और उनका आशीर्वाद प्रधानमंत्री जी के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
इस अवसर पर दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। उनकी दूरदर्शी सोच और अदम्य संकल्प ने विविधताओं से भरे भारत को विश्व पटल पर एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली स्कूल शिक्षा विभाग ने एक विशेष गीत लॉन्च किया, जिसमें मोदी जी को विभिन्न भाषाओं में जन्मदिन की शुभकामनाएँ दी गईं। ‘एक भारत- श्रेष्ठ भारत-विकसित भारत’ के इस संगीतमय उपहार के माध्यम से प्रधानमंत्री जी को सम्मानित किया गया। दिल्ली के सरकारी स्कूलों के बच्चों ने अपनी मासूम आवाज़ों के ज़रिए ‘विविधता में एकता’ का संदेश प्रस्तुत किया और प्रधानमंत्री जी के राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित जीवन को नमन किया।
