- कहा कि ऐसे मंच भारत को पर्यटन महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे
- पीएम की पहल से दिल्ली को मिले कई नए आधुनिक पर्यटन स्थल
- यशोभूमि द्वारका में BLTM 2025 का भव्य उद्घाटन, मुख्य अतिथि रहे कपिल मिश्रा
नई दिल्ली, 11 सितम्बर 2025 । दिल्ली सरकार के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने द्वारका स्थित यशोभूमि कन्वेंशन सेंटर में आयोजित BLTM (Business + Leisure Travel & MICE) 2025 का रिबन काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और MICE उद्योग से जुड़े अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली को इस भव्य आयोजन के लिए चुना जाना गर्व की बात है। देश-विदेश से आए प्रतिभागियों को एक मंच पर देखना भारत के पर्यटन और व्यापारिक क्षमताओं की मजबूती को दर्शाता है। यहाँ नई तकनीकों, सेवाओं और सहयोग की संभावनाओं को देखकर महसूस हो रहा है कि हमारा देश वैश्विक मंच पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। BLTM ने पर्यटन और व्यापारिक यात्राओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट संवाद और साझेदारी का मंच प्रदान किया है। मैं आयोजकों को बधाई देता हूँ और उम्मीद करता हूँ कि ऐसे मंच भारत को पर्यटन महाशक्ति बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
कपिल मिश्रा ने आगे कहा कि दिल्ली सरकार पर्यटन के पूरे परिदृश्य को बदलने के लिए काम कर रही है और इसी वर्ष एक दिल्ली के पर्यटन को प्रमोट करने के लिए ‘ब्रांडिंग कैम्पेन’ लॉन्च किया जाएगा जिससे दिल्ली पर्यटन उद्योग दुनिया में नई संभावनाओं का केंद्र बनेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली को कई नए पर्यटन स्थलों का उपहार मिला है। इनमें यशोभूमि, भारत मंडपम, प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक, कर्तव्य पथ और अंबेडकर केंद्र प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि आज की दिल्ली और पहले की दिल्ली में स्पष्ट बदलाव नज़र आता है।
कपिल मिश्रा ने आगे कहा कि जब देश ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प लिया है तो उसका संदेश और उसकी छवि दुनिया तक पहुँचाने का माध्यम दिल्ली बनेगी।
कार्यक्रम के अंत में कपिल मिश्रा ने आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि BLTM जैसे प्लेटफॉर्म न केवल दिल्ली बल्कि पूरे देश के पर्यटन उद्योग को नई ऊर्जा देंगे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पर्यटन पहचान को और सशक्त करेंगे।
