- स्वच्छता अभियान के तहत रोहिणी में विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन*
नई दिल्ली। 30 अगस्त 2025 । दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प को लेकर, रोहिणी सेक्टर-5 से लेकर जापानी पार्क तक विशाल मानव श्रृंखला बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया। ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी : स्वच्छता अभियान’ के तहत हुए इस आयोजन में समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों, युवाओं, महिलाओं और छात्रों ने इस मानव श्रृंखला का हिस्सा बनकर लोगों से इस महा अभियान में सहयोग का आग्रह किया।

इसके बाद एमसीडी रोहिणी जोन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रोहिणी सेक्टर 10 में दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज सिंह एवं एमसीडी मेयर राजा इक़बाल सिंह ने लोगों को स्वच्छता अभियान में सहयोग के लिए प्रेरित किया।
मानव श्रृंखला के दौरान समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इंद्राज ने स्वयं झाड़ू उठाकर स्थानीय निवासियों के साथ सड़कें साफ कीं और लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज हम एक ऐसे संकल्प के साथ चल रहे हैं, जो न केवल दिल्ली की सुंदरता बल्कि आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और भविष्य से जुड़ा है।

कैबिनेट मंत्री ने आग्रह किया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग कर कूड़ेदान और नगर निगम वाहनों में डालना भी इस स्वच्छता अभियान में नागरिकों का बड़ा योगदान होगा। उन्होंने कहा कि यदि नागरिक गीले और सूखे कचरे को कूड़ा गाड़ी में बने निर्धारित स्थानों पर डालते हैं तो दिल्ली शीघ्र ही एक स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में विकसित होगी।
साथ ही सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करें। मोहल्ले और कॉलोनियों में हर सप्ताह एक दिन श्रमदान करें। अपने बच्चों को स्वच्छता की शिक्षा दें, ताकि यह आदत संस्कार बन सके। दिल्ली स्वच्छ होगी तभी विकसित और सुरक्षित बनेगी।

रविन्द्र इंद्राज ने कहा कि हमने जो मानव श्रृंखला बनाई है, वह केवल हाथों की नहीं, बल्कि सहयोग की श्रृंखला है जो दिल्ली को कूड़े से मुक्त बनाने के लिए एकजुट हुई है।” “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान केवल सफाई भर नहीं, बल्कि जन-चेतना का आंदोलन है। अगर हर नागरिक कुछ समय घर के आसपास सफाई को दे, तो पूरा शहर चमक उठेगा।
