आज का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए ऐतिहासिक है – रेखा गुप्ता

Date:

  • कहा कि 100 वर्ष विट्ठल भाई पटेल ने लोकतंत्र की लौ जलाई थी

नई दिल्ली,। 24 अगस्त 2024 ।   दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि देश के गृह मंत्री अमित शाह की उपस्थिति ने ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस को और अधिक ऐतिहासिक व भव्य बना दिया। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री की मौजूदगी विधायिका की गरिमा और लोकतंत्र में उनके दृढ़ विश्वास का प्रतीक है, जो सभी प्रतिनिधियों के लिए मनोबल और प्रेरणा का स्रोत है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, सांसदगण, विधायकगण तथा देश के कोने-कोने से आए स्पीकर, डिप्टी स्पीकर और सचिवों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का दिन लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि ठीक 100 वर्ष पूर्व 24 अगस्त 1925 को ब्रिटिश शासनकाल में भारतीय मूल के विट्ठल भाई जावेरभाई पटेल केंद्रीय विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए थे। यह घटना भारतीयों के लिए गुलामी की जंजीरों को तोड़ने और लोकतंत्र की लौ जलाने वाली थी। उन्होंने कहा कि विट्ठल भाई पटेल ने अंग्रेज़ प्रतिनिधि को हराकर भारतीयों का गौरव बढ़ाया और स्वतंत्र भारत का वह सपना देखा, जिसमें भारतीय अपने संविधान और झंडे तले नीति निर्माण करेंगे और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए विधानसभाओं में बैठेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि केंद्रीय विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में विट्ठल भाई पटेल ने संसदीय गरिमा और अनुशासन का सर्वोच्च स्तर स्थापित किया। उनकी निष्पक्षता, कानूनी समझ और विधायी ज्ञान ने उन्हें विपक्ष तक का सम्मान दिलाया। उनका जीवन कार्य भारत को ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ बनाने की दिशा में मार्गदर्शक रहा है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर विट्ठल भाई पटेल की गौरवगाथा को प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री और डाक टिकट के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास की सराहना की और विशेष रूप से गृह मंत्री अमित शाह जी का आभार व्यक्त किया, जिनकी गरिमामय उपस्थिति ने इस आयोजन को और ऐतिहासिक बना दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने हमेशा संसद में तथ्यपूर्ण, तर्कसंगत और संविधान संगत वक्तव्य दिए हैं। चाहे धारा 370 हटाने का निर्णय रहा हो या राजनीति में शुचिता लाने वाले नए कानून, उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा और जनता के हित में कार्य कर सभी प्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शन प्रस्तुत किया है। मुख्यमंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि उनके सम्मिलित होने से यह कॉन्फ्रेंस और अधिक महत्वपूर्ण बन गई है। बीते छह महीनों में दिल्ली विधानसभा ने सौर ऊर्जा, ई-विधान और ई-फाइलिंग जैसे कार्य किए हैं जो पारदर्शिता और सुशासन के नए आयाम प्रस्तुत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन सभी प्रयासों के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले दो दिनों तक इस कॉन्फ्रेंस में विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी और प्रतिनिधि दिल्ली में रहते हुए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के पंचतीर्थ स्थलों का भी अवलोकन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस ऐतिहासिक सम्मेलन का साक्षी बनना हम सबके लिए सौभाग्य है। उन्होंने आह्वान किया कि सभी मिलकर लोकतंत्र की जड़ों को और गहरा करने तथा जनता की भलाई के लिए नीति निर्माण में योगदान देंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related