- ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस के अतिथियों के सम्मान में रात्रिभोज आयोजित
नई दिल्ली । 23 अगस्त 2025 । राजधानी में आयोजित होने वाले ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस के शुभारम्भ से पूर्व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभिन्न राज्यों की विधानसभाओं व विधान परिषदों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों तथा सभापतियों के सम्मान में एक विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। सौहार्दपूर्ण संवाद और संसदीय परंपराओं से सराबोर इस आयोजन में मुख्यमंत्री ने सभी अतिथिगणों का बेहद आत्मीयता से स्वागत किया। यह कॉन्फ्रेंस 24 व 25 अगस्त को दिल्ली विधानसभा में आयोजित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिनिधियों का दिल्ली आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन भारत के पहले निर्वाचित स्पीकर विट्ठलभाई पटेल द्वारा केंद्रीय विधान सभा के अध्यक्ष पदभार ग्रहण करने की शताब्दी के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित हो रहा है। दिल्ली को इस शताब्दी वर्ष में मेजबान बनने का सौभाग्य मिला है, यह हमारे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों है। राजधानी के होटल ताज में आयोजित इस रात्रिभोज के दौरान अतिथियों के बीच सौहार्दपूर्ण विचार-विमर्श भी हुआ, जिसमें विभिन्न सदनों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों ने संसदीय कार्य व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुख बनाने के उपायों पर अनुभव साझा किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि राज्यों की विधानसभाएं लोकतंत्र की नर्सरी हैं, जहां जन अपेक्षाएं सीधे स्वर पाती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रक्रियात्मक सुधार, आचार-संहिता, पीठासीन पदों की निष्पक्षता और सदन के समय का सदुपयोग, ये चार स्तंभ हर सदन के साझा लक्ष्य हैं। दिल्ली सरकार और दिल्ली विधानसभा, देशभर की विधानसभाओं के प्रतिनिधियों के साथ अपने अनुभवों को साझा करेगी। इस रात्रिभोज में राजधानी की मेजबानी और विविधतापूर्ण सांस्कृतिक परंपरा का विशेष ध्यान रखा गया।

यह सम्मेलन 24 व 25 अगस्त को दिल्ली विधानसभा में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला द्वारा की जाएगी। इस अवसर पर विट्ठलभाई पटेल के जीवन और संसदीय योगदान पर विशेष डाक टिकट जारी किया जाएगा। उनकी जीवन गाथा पर आधारित एक प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन भी प्रस्तावित है। ‘विट्ठलभाई पटेल की गौरव गाथा’ शीर्षक यह प्रदर्शनी 26 से 31 अगस्त तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानीवासियों से आग्रह किया कि वे बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन कर इस ऐतिहासिक अवसर से जुड़ें। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी अतिथियों को आगामी दो दिवसीय विचार मंथन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मेलन हमारे संसदीय लोकतंत्र की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में ठोस संकल्प, ठोस रोडमैप और परस्पर सीख का मंच बनेगा।
