- सीएम 14वें वेलनेस न्यूरोथेरेपी दिवस कार्यक्रम में शामिल हुईं
नई दिल्ली । 23 अगस्त 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि अर्धनारीश्वर चिकित्सा-न्यूरोथेरेपी जैसी परंपरागत चिकित्सा पद्धतियां भारत की प्राचीन धरोहर हैं। इनका महत्व आज और भी बढ़ गया है क्योंकि यह उन बीमारियों का भी उपचार करती हैं, जहां आधुनिक चिकित्सा कई बार असफल हो जाती है। मुख्यमंत्री ने यह विचार आज आरोग्य पीठ के 14वें वेलनेस न्यूरोथेरेपी दिवस कार्यक्रम में व्यक्त किए। यह कार्यक्रम श्री गुरु रामराय उदासीन आश्रम सभागार, आराम बाग, दिल्ली में आयोजित किया गया था।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार चाहती है कि न्यूरोथेरेपी के लिए दिल्ली में बेहतर सुविधाएं विकसित हों, नए केंद्र स्थापित किए जाए और अधिक से अधिक लोग इस चिकित्सा का लाभ उठा सकें। सरकार इस पर आपके सुझावों के आधार पर ठोस कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि आरोग्य पीठ द्वारा किए जा रहे कार्य समाज के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। दिल्ली सरकार इस दिशा में ऐसी कल्याणकारी संस्थाओं की हरसंभव सहयोग करेगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डॉ. रामगोपाल दीक्षित की पुस्तक का विमोचन किया। कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी डॉ. अशोक बाजपेयी, डॉ. कुसुम दीक्षित व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह वैकल्पिक चिकित्सा केवल उपचार ही नहीं, बल्कि जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने का मार्ग भी दिखाती है।
