दिल्ली विधानसभा विट्ठलभाई पटेल शताब्दी वर्ष पर ‘ऐतिहासिक ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस’ के लिए है तैयार – विजेंद्र गुप्ता

Date:

  •  स्पीकर ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक बुलाई
  •  दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने सभी राज्य अतिथियों को प्रोटोकॉल व सुरक्षा अधिकारी उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन

नई दिल्ली । 20 अगस्त 2025 ।  दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में आज विधानसभा भवन में 24-25 अगस्त 2025 को होने वाली ‘ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस’ की तैयारियों की समीक्षा हेतु एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई। बैठक में दिल्ली पुलिस आयुक्त एस.बी.के. सिंह, स्पेशल सीपी ट्रैफिक के. जगदीशन, स्पेशल सीपी सुरक्षा जसपाल सिंह, डीसीपी सुरक्षा मनस्वी जैन,p जॉइंट सीपी (नॉर्थ एवं सेंट्रल) मधु वर्मा और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में दिल्ली पुलिस आयुक्त एस.बी.के. सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को आश्वस्त किया कि कार्यक्रम के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सभी अतिथियों को ‘राज्य अतिथि’ का दर्जा दिया जाएगा और उनके साथ दिल्ली पुलिस के विशेष प्रोटोकॉल एवं सुरक्षा अधिकारी तैनात रहेंगे। हवाई अड्डे से लेकर ताज होटल में ठहरने और विधानसभा तक आने-जाने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था की जाएगी ताकि सभी गणमान्य अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक के बाद विधानसभा अध्यक्ष, दिल्ली पुलिस आयुक्त और अधिकारियों ने मिलकर विधानसभा भवन का निरीक्षण किया और प्रवेश-निकास, बैठने की व्यवस्था, आपातकालीन प्रोटोकॉल और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।

‘ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस’ विशेष महत्व रखता है,जो 24 अगस्त 1925 को श्री विट्ठलभाई झावेरीभाई पटेल के केंद्रीय विधान सभा के पहले भारतीय अध्यक्ष (तत्कालीन प्रेसीडेंट) चुने जाने की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा है। पटेल अपने निष्पक्ष नेतृत्व, संसदीय गरिमा के प्रति समर्पण और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठने की क्षमता के लिए जाने जाते थे। उनका योगदान आज भी भारतीय लोकतांत्रिक संस्थाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है।

सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे और समापन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के संबोधन से किया जाएगा। इस अवसर पर राज्यसभा के सभापति, विभिन्न विधान परिषदों व विधानसभाओं के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य और देशभर से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने बताया कि दिल्ली विधानसभा सचिवालय ने इस ऐतिहासिक सम्मेलन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली हैं और यह आयोजन भारत की संसदीय परंपराओं एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर एक स्थायी छाप छोड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related