• यह कॉरिडोर दिल्ली को जाम मुक्त बनाने व बेहतर कनेक्टिविी का वाहक बनेगा
नई दिल्ली । 16 अगस्त 25 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की राजधानी को ‘विकसित दिल्ली’ बनाने में पूर्ण गंभीरता से सहयोग कर रहे हैं। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री कल यूईआर-2 (अर्बन एक्सटेंशन रोड-II) का उद्घाटन करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि इस परियोजना के शुरू होने से दिल्ली को जाम मुक्त बनाने और एनसीआर में कनेक्टिविटी बेहतर करने में मदद मिलेगी। यह कॉरिडोर प्रदूषण कम करने और पर्यावरण को बेहतर बनाने में भी योगदान देगा। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि यूईआर-2 दिल्ली के बुनियादी ढांचे के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना है, जो न केवल यातायात को सुगम बनाएगी बल्कि दिल्ली और एनसीआर के निवासियों के जीवन स्तर को भी बेहतर बनाएगी।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिन में वरिष्ठ अधिकारियों व पार्टी नेताओं के साथ उद्घाटन स्थल व आसपास जाकर तैयारियों का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह रोहिणी, सैक्टर-37 में अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 का उद्घाटन राजधानी को विकसित दिल्ली बनाने की कड़ी में एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी इस दौरान रोड शो भी करेंगे और जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का कहना है कि यूईआर-2 के शुरू होने से दिल्ली को एक बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। यह कॉरिडोर राष्ट्रीय राजमार्ग- 44 (अलीपुर) से शुरू होकर मुंडका, बक्करवाला, नजफगढ़ और द्वारका होते हुए महिपालपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग- 48 पर समाप्त होगा। इसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक यह है कि अब सिंघू बॉर्डर से आईजीआई एयरपोर्ट से मात्र 40 मिनट में पहुंचा जा सकेगा, जबकि पहले करीब दो घंटे लगते थे। इसके शुरू होने से इनर व आउटर रिंग रोड पर वाहनों का दबाव कम होगा और प्रमुख चौराहों जैसे मुकरबा चौक, मधुबन चौक, पीरागढी चौक, धौला कुआं, एनएच-9 पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यूईआर-2 के शुरू होने से दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य एनसीआर क्षेत्रों के लोगों के लिए चंडीगढ़, पंजाब और जम्मू-कश्मीर की यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि यूईआर-2 दिल्ली-एनसीआर में कनेक्टविटी को और बेहतर करेगा। उसका कारण यह है कि यह प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों को जोड़ेगा, जिनमें एनएच-44 (अलीपुर), एनएच-9 (बहादुरगढ़) और एनएच-48 (महिपालपुर) शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से औद्योगिक और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। यह सोनीपत और बहादुरगढ़ के औद्योगिक क्षेत्र में लिंक रोड से जुड़ेगा, इससे उद्योग में तो बढ़ावा होगा ही साथ ही दिल्ली-एनसीआर में माल की आवाजाही तेजी से होगी। इसका अन्य लाभ यह भी होगा कि दिल्ली और एनसीआर में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि यूईआर-2 प्रदूषण को भी कम करेगा और पर्यावरण को बेहतर बनाने में अपना रोल अदा करेगा। यातायात में कमी और वाहनों की सुचारू आवाजाही से ईंधन की खपत कम होगी और वायु प्रदूषण के स्तर में भी कमी आएगी।
मुंबई से भी जुड़ जाएगा यूईआर-2
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का कहना है कि यूईआर-2 लंबी दूरी की कनेक्टिविटी को भी सुगम और तेज करेगा। यह दिल्ली के अलीपुर में दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से शुरू होगा और द्वारका में यशोभूमि पर समाप्त हो जाएगा। यहां से यह कॉरिडोर द्वारका एक्सप्रेसवे से जुड़ जाएगा, जिसका सीधा जुड़ाव आईजीआई एयरपोर्ट से है। यह मार्ग दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जोड़ेगा। विशेष बात यह भी है कि यह राजमार्ग केएमपी राष्ट्रीय राजमार्ग, गुरुग्राम-रेवाड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग, गुरुग्राम-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग से भी जुड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि गुरुग्राम-सोहना राष्ट्रीय राजमार्ग सीधे रूप में दिल्ली-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग जुड़ा है। इस तरह यूईआर-टू के परिचालन से देश के विभिन्न हिस्सों में आना-जाना काफी सुगम व तेज हो जाएगा।
