नई दिल्ली 11 अगस्त 25 । तिरंगे के सम्मान और देशभक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आज चाँदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल के नेतृत्व में चांदनी चौक में एक विराट तिरंगा यात्रा बेहद भव्य रूप से निकाली गई जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी तथा भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हुए ।
यह यात्रा ऐतिहासिक लालकिले की प्राचीर के नीचे से फतेहपुरी क्लाथ मार्किट तक निकाली गई। यात्रा में चांदनी चौक जिला भाजपा के अध्यक्ष अरविंद गर्ग, जिला प्रभारी राजेश भाटिया, दिल्ली भाजपा के प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर एवं यासिर जिलानी, जिला संयोजक गोपाल गर्ग एवं मदन अग्रवाल, जिला महामंत्री राजा खारी, लता सोढ़ी एवं प्रवीन जैन, निगम पार्षद विवेक सेठी, रेनू अग्रवाल, सुशील जौंटी, कमल बिगड़ी एवं मनोज जिंदल, गौरी शंकर मंदिर कमेटी के मंत्री सुभाष गोयल और व्यापारिक संस्था कैट से विपिन आहूजा एवं आशीष ग्रोवर आदि सम्मलित हुए।

सांसद प्रवीन खंडेलवाल की तिरंगा यात्रा का चाँदनी चौक व्यपारी परिषद, चाँदनी चौक नागरिक मंच, दिल्ली मरकनटाइल एसोसिएशन, दिल्ली इलैक्ट्रिक ट्रेडर्स एसोसिएशन, दिल्ली किराना कमेटी, नई सड़क ट्रेडर्स एसोसिएशन, क्लाथ मार्किट मार्किट कमेटी सहित चाँदनी चौक की लगभग 30 संस्थाओं ने विभिन्न स्थानों पर मंच लगा कर स्वागत अभिनंदन किया।
इस विराट यात्रा में देशभक्ति का जोश और उमंग देखते ही बनता था। चारों ओर लहराते तिरंगों की छटा से पूरा वातावरण अद्भुत और प्रेरणादायी बना हुआ था। सड़क के दोनों ओर, इमारतों की छतों पर, दुकानों के सामने, और लोगों के हाथों में तिरंगे ही तिरंगे लहरा रहे थे। हर ओर से उठते देशभक्ति के नारों की गूंज ने मानो पूरे चांदनी चौक को एक विशाल देशभक्ति के मंच में बदल दिया था। यात्रा मे शामिल सभी के चेहरों पर देश के प्रति गर्व, आत्मसम्मान और एकता की झलक साफ दिखाई दे रही थी।

सजे-धजे बैंड, ढोल-ताशे, शहनाई और तुरही की धुनें पूरे मार्ग में देशभक्ति की लहर पैदा कर रही थीं। यात्रा चांदनी चौक की ऐतिहासिक गलियों से गुज़रती हुई आगे बढ़ी, और रास्ते में अनेक स्थानों पर स्थानीय व्यापारिक संगठनों और आरडब्ल्यूए द्वारा फूलों की वर्षा और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया गया।
पूरे मार्ग में “हर गली–हर मोहल्ला, हर दिल में तिरंगा लहराएँ”, “हर घर तिरंगा–हर दुकान तिरंगा”, “तिरंगा आन भारत की–तिरंगा शान भारत की”, तथा “भारतीय सामान–हमारा स्वाभिमान” जैसे सशक्त और प्रेरणादायी नारों से वातावरण लगातार गूंजता रहा। यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि देश की अस्मिता, स्वाभिमान और एकता का जीवंत प्रतीक बन गई।
इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण अवसर पर संबोधित करते हुए प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि यह यात्रा मात्र एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि हमारे राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गहरे सम्मान और अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उन्होंने आगे कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे “भारतीय सामान – हमारा स्वाभिमान” अभियान को नई ऊर्जा और गति प्रदान करने का एक महत्त्वपूर्ण और निर्णायक कदम भी है।

खंडेलवाल ने कहा कि आज दुनिया भली-भांति समझ चुकी है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल बड़े और दूरगामी निर्णय लेने में ही सक्षम नहीं हैं, बल्कि उन निर्णयों को ज़मीन पर सटीक और प्रभावी ढंग से लागू करने की अद्वितीय क्षमता भी रखते हैं। यही कारण है कि आज पूरा विश्व भारत की बढ़ती शक्ति, नेतृत्व और क्षमताओं का लोहा मान रहा है।
उन्होंने आगे बताया कि देशभर के व्यापारी इस अभियान से पूरे मनोयोग और प्रतिबद्धता के साथ जुड़ रहे हैं। व्यापारिक समुदाय न केवल स्वदेशी उत्पादों के प्रचार-प्रसार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी अपना अहम योगदान दे रहा है। खंडेलवाल ने यह भी कहा कि यह अभियान सिर्फ आर्थिक मज़बूती का नहीं, बल्कि भारत के गौरव, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के पुनर्जागरण का भी प्रतीक है।
