79वें स्वतंत्रता दिवस पर 7900 युवाओं ने तिरंगा दौड़ में भाग लेकर देश के शहीदों को याद कर श्रदांजलि दी।
नई दिल्ली । 10 अगस्त 25 । देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय द्वारा आयोजित कार्यक्रमो की श्रृंखला के तहत “हर घर तिरंगा अभियान” और “दिल्ली उठे गर्व से” थीम के अंतर्गत दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने प्रातः त्यागराज स्टेडियम से ‘तिरंगा रन’ का हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर 7,900 बच्चों ने हाथों में तिरंगा थामकर त्यागराज स्टेडियम से नेशनल वॉर मेमोरियल तक दौड़ लगाई और देश की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतीकात्मक रूप से चुना गया यह मार्ग स्वतंत्रता सेनानियों और सशस्त्र बलों के सम्मान का प्रतीक है। जिसने प्रतिभागियों में राष्ट्रीय गर्व और एकता की भावना को प्रबल किया।

इन अवसर पर मंत्री ने तिरंगा दौड़ में शामिल प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा की यह तिरंगा रन केवल एक दौड़ मात्र नहीं है बल्कि भारत की एकता, देशभक्ति और हमारे नागरिकों की अटूट भावना का विशाल उत्सव है। यह आयोजन दिल्लीवासियों को एकजुट होकर स्वतंत्रता का उत्सव मनाने और एक स्वच्छ, सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर भी प्रदान करता है।
उन्होंने कहा की इस दौड़ से पूरे शहर में देशभक्ति और एकता का संदेश गूंज उठा है जिसने 79वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न को और भव्य बना दिया है। “दिल्ली उठे गर्व से” थीम पर आधारित यह कार्यक्रम दिल्ली के नागरिकों की देशभक्ति और एकता के सामूहिक प्रदर्शन का प्रतीक भी है ।

सूद ने कहा की ” तिरंगा रन” एक प्रकार से एकता और देशभक्ति का आंदोलन है जिसका नारा है “स्वतंत्रता के लिए दौड़ो, एकता के लिए दौड़ो। आओ, गर्व के रंगों में रंग दें दिल्ली की गलियों को”। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के लोगों को एकजुट कर भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और समृद्ध विरासत का उत्सव मनाना है।
उन्होंने कहा की भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राष्ट्रप्रेरित दृष्टि और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली सरकार द्वारा मनाये जा रहे यह आयोजन दिल्लीवासियों के लिए एक अवसर है कि हम सब मिलकर अपनी स्वतंत्रता का उत्सव मनाएं और एकजुट व समृद्ध भारत के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करें।
ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारतीय सेना के शौर्य, वीरता, पराक्रम और देश के प्रति अपना सर्वस्व न्योछावर करने के जज्बे को याद करते हुए सूद ने तिरंगा दौड़ में शामिल युवाओं का आह्वान किया कि वह भी देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के भाव को अपने जीवन में सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

शिक्षा मंत्री ने कहा की यह “तिरंगा यात्रा” देश की आजादी में शहीद हुए उन गुम नाम शहीदों के प्रति भी एक सच्ची श्रद्धांजलि है। दिल्ली के युवा, बच्चे और नागरिक हम सब मिलकर तिरंगा लेकर दौड़े और गुमनाम शहीदों के प्रति श्रद्धा का भाव रखें जो भारत माता के सच्चे सपूत थे ।
