अब देरी नहीं, सिर्फ डिलीवरी होगी- प्रवेश साहिब सिंह वर्मा

Date:

प्रगति मैदान अंडरपास-5 को मिली मंजूरी, जनता पर नहीं पड़ेगा अतिरिक्त बोझ

नई दिल्ली । 4 अगस्त 2025 । प्रगति मैदान के पास निर्माणाधीन अंडरपास-5 को लेकर एक बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा भेजे गए संशोधित प्रस्ताव को आवास और शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) ने मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी अब बिना किसी अतिरिक्त बजटीय बोझ के इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा करने का रास्ता साफ करती है।

PWD द्वारा भेजे गए प्रस्ताव में तीन अहम तकनीकी उपाय सुझाए गए थे, जिन्हें मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है:
1. बॉक्स संरचनाओं के नीचे ग्राउटिंग का कार्य तुरंत शुरू किया जाए, जिससे मिट्टी की स्थिरता बनी रहे और आगे धंसने की समस्या न हो।
2. रेलवे एंबैंकमेंट के नीचे स्थित बॉक्सों की स्टिचिंग की जाए, जिससे ट्रैक की संरचनात्मक सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
3. कैस्ट-इन-सिटू निर्माण पद्धति को अपनाया जाए, जिसमें अंडरपास की ऊंचाई और चौड़ाई को नई तकनीकी परिस्थितियों के अनुसार संशोधित किया गया है।

यह परियोजना पहले लंबे समय तक बाधित रही। पिछली सरकार ने न तो इसे प्राथमिकता दी और न ही समय पर कोई ठोस निर्णय लिया। मिट्टी के नीचे धंसाव, रेलवे के नीचे निर्माण की तकनीकी जटिलता और विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण यह महत्त्वपूर्ण अवसंरचना प्रोजेक्ट अधर में लटका रहा, जबकि जनता के पैसे से इसका अधिकांश बजट पहले ही खर्च हो चुका था।

MoHUA ने स्पष्ट किया है कि अब इस कार्य के लिए कोई नया बजट आवंटित नहीं किया जाएगा। यानी शेष कार्य उन्हीं निधियों में किया जाएगा जो पहले ही स्वीकृत हैं। इससे यह सुनिश्चित होगा कि जनता के पैसों का समुचित और पारदर्शी उपयोग हो — बिना किसी अनावश्यक खर्च के।

PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने पिछले माह साइट का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को फौरन समाधान निकालकर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए थे। उनके प्रयासों से तकनीकी अड़चनें दूर हुईं और केंद्र व राज्य के बीच समन्वय स्थापित हो सका।

PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि यह केवल एक फाइल को मंजूरी देना नहीं है, बल्कि एक स्पष्ट संदेश है — कि अब देरी नहीं, सिर्फ डिलीवरी होगी। हर एक रुपया जो जनता ने कर के रूप में दिया है, उसे परिणाम में बदलना हमारी प्राथमिकता है। अब कार्य गुणवत्ता, गति और पारदर्शिता के साथ होगा। मैं MoHUA का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने इस समाधान को स्वीकार किया।”

प्रगति मैदान अंडरपास-5 दिल्ली के केंद्र से पूर्वी हिस्सों को जोड़ने वाला एक महत्त्वपूर्ण ट्रांजिट मार्ग है। इसके पूरा होने से न केवल ITO और प्रगति मैदान के पास ट्रैफिक कम होगा, बल्कि आईटीपीओ और अन्य आयोजनों के लिए भी सुगम यातायात सुनिश्चित होगा।

PWD को निर्देश दिए गए हैं कि कार्य तुरंत शुरू किया जाए और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट मंत्री कार्यालय को सौंपी जाए। यह परियोजना अब वित्तीय अनुशासन और समयबद्ध शासन का उदाहरण बनने जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related