नेतन्याहू ने गाजा पर कब्जे का प्लान बनाया: हमास के खत्म होने तक सेना नहीं हटेगी

Date:

गाजा । 06 अगस्त 2025 । गाजा युद्ध शुरू होने के करीब दो साल बाद इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने अब पूरे गाजा पर कब्जा करने की योजना (बिग गाजा प्लान) पर काम शुरू कर दिया है। लेकिन, नेतन्याहू के इस बिग गाजा प्लान पर इजराइली सेना सहमत नहीं है।

इजराइली डिफेंस फोर्स (IDF) के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने योजना पर आपत्ति जताई है। इससे इजराइली राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है।

जमीर ने चेतावनी दी है कि गाजा पर कब्जे की कोशिश से वहां बंधक 20 इजराइली नागरिकों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। जमीर के मुताबिक इससे इजराइल गाजा में एक थकाऊ युद्ध में उलझ जाएगा।

फिलहाल गाजा के करीब 75% हिस्से पर इजराइली सेना का नियंत्रण है। अब नेतन्याहू संपूर्ण गाजा पर कब्जा चाहते हैं।

गाजा युद्ध के दौरान इजराइली अधिकारियों ने पीएम नेतन्याहू के फैसलों पर सवाल उठाए हैं। आंतरिक खुफिया एजेंसी शिन बेट प्रमुख रॉनन बार को हटाने की नेतन्याहू की योजना कोर्ट ने रोक दी थी।

IDF चीफ हर्शी हलेवी ने मार्च 2025 में इस्तीफा दे दिया था। नवंबर 2024 में तत्कालीन रक्षा मंत्री गैलेंट को नेतन्याहू ने ‘विश्वास संकट’ का हवाला देकर हटा दिया था।

नेतन्याहू अपने करीबी मंत्रियों के साथ गाजा पट्टी पर पूर्ण कब्जा करने की योजना का खुलासा कर चुके हैं।

उनके के दो कट्टरपंथी सहयोगियों वित्त मंत्री बेजालेल स्मोटरिच और राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर गाजा पर सैन्य शासन के बाद उसके इजराइल में विलय की मांग कर रहे हैं। वे वहां यहूदी बस्तियों की बहाली की वकालत कर रहे हैं।

गाजा में हर दिन 28 बच्चों की मौत, अब तक 18 हजार बच्चे मारे गए

यूनिसेफ ने अपनी ताजा रिपोर्ट में कहा है कि इजराइली बमबारी और मानवीय सहायता रोकने के चलते गाजा में हर दिन औसतन 28 फिलिस्तीनी बच्चों की मौत हो रही है।

अक्टूबर 2023 से अब तक 18 हजार से ज्यादा बच्चों की मौत हो चुकी है। यूनिसेफ ने कहा कि बच्चों की मौतें बमबारी, कुपोषण और सहायता के अभाव से हो रही हैं। हालात इतने भयावह हैं कि बीते 24 घंटे में ही एक बच्चे सहित 8 लोग भुखमरी से मारे गए। अब तक 188 लोगों की भूख से मौत हुई, इनमें 94 बच्चे थे।

गाजा में युद्ध शुरू होने के बाद अभी तक 60,933 लोगों की मौत हुई है और घायलों की संख्या 1.5 लाख पार कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related