कहा कि स्वच्छता चैलेंज’ जल्द शुरू होगा, सेलिब्रेटीज को भी जोड़ा जाएगा
नई दिल्ली । 5 अगस्त 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वच्छ दिल्ली की मुहिम को आगे बढ़ाते हुए आज तिमारपुर विधानसभा की संजय बस्ती, मॉल रोड (बंसल स्वीट्स के पास) में “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान के अंतर्गत चल रहे महीने भर के सफाई अभियान का नेतृत्व किया और खुद झाड़ू लगाकर नागरिकों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आजादी’ अभियान में आम जन की भागीदारी को और प्रबल बनाने के लिए ‘स्वच्छता चैलेंज’ जल्द शुरू किया जाएगा। इस अभियान में सेलिब्रेटीज को भी जोड़ा जाएगा

मुख्यमंत्री ने तिमारपुर क्षेत्र में स्थित जेजे कॉलोनी और आसपास की गलियों का निरीक्षण करते हुए पाया कि सफाई व्यवस्था को लेकर अब जागरूकता तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि आज मैंने एक युवा को स्वेच्छा से बस स्टैंड की सफाई करते देखा। यह संकेत है कि अब दिल्ली में स्वच्छता एक आंदोलन बन चुका है। यही नागरिक भागीदारी इस अभियान की आत्मा है। मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि डीडीए की खाली पड़ी ज़मीनों को भी इस अभियान में शामिल किया गया है और उनकी तत्काल सफाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी शासकीय एजेंसियों को मिलकर एकजुटता से कार्य करना होगा, तभी दिल्ली को वास्तव में कूड़े से मुक्त किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को केवल सफाई तक सीमित न समझें, बल्कि इसे एक व्यवहार परिवर्तन की पहल मानें। उन्होंने कहा यह अभियान दिल्ली को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने की हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने यह भी कहा हमारा लक्ष्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों की सोच को बदलना है। दिल्ली सरकार राजधानी को एक स्वच्छ, आधुनिक और नागरिक-केंद्रित राजधानी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस अभियान से राजधानी दिल्ली में एक नई शुरुआत हो चुकी है। इस जन-जागरण की पहल में मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय विधायक सूर्य प्रकाश खत्री, महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, एमसीडी आयुक्त, अधिकारीगण, सफाईकर्मी, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी भी शामिल हुए।

एक अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को कूड़े से आजादी अभियान में आम जन की भागीदारी को और प्रबल बनाने के लिए ‘स्वच्छता चैलेंज’ जल्द शुरू किया जाएगा। इस चैलेंज के तहत देश की आज़ादी के 78 वर्षों की प्रतीकात्मकता को ध्यान में रखते हुए, प्रारंभ में 78 नागरिकों को नामित किया जाएगा। प्रत्येक नामित व्यक्ति आगे पांच और लोगों को चुनकर अभियान से जोड़ेगा, जिससे राजधानी में स्वच्छता का एक सशक्त और विस्तृत नेटवर्क तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रख्यात सेलिब्रेटीज को भी जोड़ा जाएगा। इनकी भागीदारी से जागरूकता को नया आयाम मिलेगा और अभियान में व्यापक जन-भागीदारी सुनिश्चित होगी।
