• सीएम ने कैलाश कॉलोनी स्थित एसएसबी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का किया उद्घाटन
• उन्होंने कहा कि दिल्ली के 24 अस्पतालों का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर जारी
नई दिल्ली । 3 अगस्त 2025 । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन स्थित अत्याधुनिक एसएसबी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि पिछली सरकारों की उपेक्षा के कारण वर्षों से लचर पड़ी दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए उनकी सरकार कटिबद्ध है और इसी दिशा में दिल्ली के 24 निर्माणाधीन अस्पतालों के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर शुरू करा दिया गया है। जल्द ही ये अस्पताल न सिर्फ दिल्ली की जनता को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे बल्कि राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर भी अपनी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि यह अस्पताल न केवल दिल्लीवासियों के लिए वरदान साबित होगा, बल्कि राजधानी को हेल्थ हब बनाने के संकल्प की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह स्वागत-योग्य है कि एसएसबी अस्पताल आयुष्मान भारत योजना से जुड़ रहा है, जिससे हर नागरिक को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली की लचर स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछली सरकारों की लापरवाही के कारण दिल्ली की स्वास्थ्य व्यवस्था बदहाल रही। आज भी दिल्ली में प्रति 1000 लोगों पर 2 बेड भी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि डब्ल्यूएचओ का न्यूनतम मानक 2 और विकसित देशों में यह संख्या 5 है। हमारी सरकार का लक्ष्य है कि इस शर्मनाक स्थिति को बदलकर दिल्ली के स्वास्थ्य ढांचे को अंतरराष्ट्रीय मानकों तक ले जाया जाए। हम नहीं चाहते कि किसी भी मरीज की मौत इलाज की कमी से हो।

उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने 24 अधूरे पड़े अस्पतालों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के लिए युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है, जिन्हें वर्षों तक पिछली सरकारों ने नजरअंदाज कर रखा था। हमारी सरकार का संकल्प है कि दिल्ली मेडिकल हब बने, जहां बेहतरीन डॉक्टर, अत्याधुनिक तकनीक, किफायती इलाज और विश्वस्तरीय ट्रॉमा केयर की सुविधा हर नागरिक को मिले।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की स्वास्थ्य प्रणाली को दुरुस्त करने की दिशा में दिल्ली सरकार नई तकनीक और अत्याधुनिक उपकरणों से अस्पतालों का आधुनिकीकरण कर रही है। हाल ही में दिल्ली सरकार ने अपने अस्पतालों में ऐसे अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए हैं, जो रक्त की एक बूंद से डीएनए तक की जांच कर सकते हैं। इससे ब्लड डोनेशन की गुणवत्ता सुनिश्चित होगी और गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान संभव होगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद अस्पताल के चेयरमैन डॉ. एस.एस. बंसल और पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार और अस्पतालों के बीच मजबूत साझेदारी ही दिल्ली को हेल्थकेयर सेक्टर में अग्रणी बनाएगी। पिछली सरकारों की उपेक्षा के बाद अब हमारी सरकार दिल्ली को एक सशक्त हेल्थ हब बनाने के मिशन पर काम कर रही है। हम सब मिलकर इस संकल्प को पूरा करेंगे। कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज व विधायक भी मौजूद थे।
