- उन्होंने ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान के तहत विकासपुरी में चलाया स्वच्छता अभियान
- पीएम मोदी के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का भी दिया संदेश
नई दिल्ली । 3 अगस्त 25 । देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित होकर और दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में चल रहे ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान के तहत दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य, परिवहन एवं आईटी मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अपने विधानसभा क्षेत्र विकासपुरी के रनहौला गांव में स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। 1 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक चलने वाले इस विशेष अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में दिल्ली को स्वच्छ, सुन्दर और हरा-भरा बनाना है।
रनहौला गांव में स्वच्छता अभियान के पश्चात डॉक्टर सिंह ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण भी किया और नागरिकों से वृक्षारोपण को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में अपनाने की अपील की। इसके बाद उन्होंने विकासपुरी कैंप कार्यालय में भी स्वच्छता अभियान चलाया, जिसमें कार्यालय के सभी कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। डॉ. सिंह ने अपने टीम के सदस्यों को रोजमर्रा के कार्य में स्वच्छता को शामिल करने के लिए प्रेरित किया और उनसे आग्रह किया कि वे अपने कार्यस्थलों एवं समुदायों में स्वच्छ दिल्ली के संदेश देकर एक सशक्त प्रतिनिधि बनें।

इस अवसर पर डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान दिल्ली को स्वच्छ बनाने का एक जनसंकल्प है, वहीं ‘एक पेड़ मां के नाम’ हर नागरिक को पर्यावरण सरंक्षण के लिए जागरूक करता है। स्वच्छता और हरियाली केवल प्रतीकात्मक आयोजन नहीं, बल्कि जनता का निरंतर चलने वाला आंदोलन बनना चाहिए। इस स्वतंत्रता दिवस पर आइए, हम सब मिलकर दिल्ली को कूड़े से मुक्त और हरी-भरी राजधानी बनाने का संकल्प लें।
इससे पूर्व डॉ. सिंह ने विकासपुरी कैंप कार्यालय में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने नागरिकों को शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए। डॉक्टर सिंह ने कहा कि जनता से जुड़े हर मुद्दे का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा ताकि जमीनी स्तर पर प्रभावी और उत्तरदायी प्रशासन को साकार किया जा सके।
