ड्राइवर-कंडक्टर यात्रियों के साथ और अधिक सम्मानजनक और पेशेवर तरीके से व्यवहार करें- डॉ पंकज कुमार सिंह

Date:

नई दिल्ली। 1 अगस्त 25 I अगर आप दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की बसों में रोजाना सफर करते हैं, तो बहुत जल्द आपको DTC के बस ड्राइवर्स और बस कंडक्टरों के व्यवहार, बोलचाल की भाषा और नैतिकता में बड़ा बदलाव नजर आएगा। दिल्ली परिवहन निगम की (DTC) की सार्वजनिक छवि सुधारने के लिए दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने एक नई पहल शुरू करने के लिए डीटीसी को निर्देश दिया है।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि बहुत जल्द दिल्ली परिवहन विभाग डीटीसी के सभी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को नैतिकता का पाठ पढ़ाने के साथ ही मानसिक रूप से जागरूक करने की विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। सभी ड्राइवर्स और कंडक्टरों को नैतिक मूल्यों, ग्राहक सेवा और सुरक्षित ड्राइविंग तकनीकों पर खास तौर पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि DTC ड्राइवर्स के बस स्टॉप पर प्रॉपर तरीके से बस नहीं रोकने, ओवर स्पीडिंग, रैश ड्राइविंग करने, अपनी लेन में बसें नहीं चलाने, दरवाजे खोलकर बस चलाने, रेडलाइट जंपिंग और जेब्रा क्रॉसिंग क्रॉस करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिसके लिए बस यात्री बस नंबर के आधार पर परिवहन विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर फोन कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि डीटीसी बसों में लगे हाईटेक CCTV कैमरे से सभी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों के काम और व्यावहार दोनों की पूरी निगरानी के साथ रेगुलर काउंसिलिंग भी की जाएगी। इस जागरूकता अभियान में मौखिक परीक्षण के साथ ही व्यावहारिक अभ्यास की भी ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बस ड्राइवर्स और कंडक्टर कुशल व्यावहार के साथ ही सुरक्षित ड्राइविंग तकनीकों को भी पूरी तरह से समझ सकें।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार के इस पहल के पीछे का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति ड्राइवरों और कंडक्टरों को जागरूक करने पर विशेष फोकस करने के साथ ही DTC बसों के संचालन में सुधार लाना है। बस ड्राइवर्स के नैतिक मूल्यों और व्यवहार में परिवर्तन लाकर सुरक्षित ड्राइविंग तकनीकों में सुधार कर बस यात्रियों के लिए बसों में सुरक्षित यात्रा का शानदार अनुभव सुनिश्चित करना है। मंत्री महोदय ने कहा कि डीटीसी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को ट्रेनिंग देने से वे यात्रियों के साथ और अधिक सम्मानजनक तरीके से पेश आएंगे। साथ ही बातचीत करने और यात्रा के दौरान पेशेवर तरीके से व्यवहार करेंगे। हमारी सरकार की इस नई पहल से दिल्ली परिवहन निगम के ड्राइवरों का व्यवहार और चेहरा दोनों बहुत जल्द बदला-बदला नजर आएगा।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने दिल्ली परिवहन विभाग के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया है कि इस ट्रेनिंग में खास तौर पर इस बात पर फोकस किया जाए कि डीटीसी बस ड्राइवर्स किसी भी सूरत में ओवर स्पीडिंग न करें। और अपनी लेन में बस चलाने के साथ रेडलाइट जंप नहीं करें।

बसों में यात्रा करने वाले कई यात्रियों ने दिल्ली परिवहन विभाग से बस ड्राइवर्स के व्यवहार की शिकायत करते हुए कहा है कि कई बार लोग बस स्टॉप पर डीटीसी बसों का इंतजार करते रहते हैं। फिर भी डीटीसी ड्राइवर बस स्टॉप पर प्रॉपर तरीके से बसों को नहीं रोकते हैं। कई बार बस चलाते वक्त फोन पर बात करने के साथ ही बस के दरवाजे खुले रहते ही बस को आगे बढ़ा देते हैं।

बस ड्राइवरों को जागरूक करने के लिए इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह है कि सड़कों पर चलते वक्त दूसरी गाड़ियों से पर्याप्त दूरी बनाकर रखें। स्कूल, अस्पताल और भीड़-भाड़ वाले बाजार जैसी जगहों से गुजरते वक्त ड्राइवर सावधानीपूर्वक बसों को चलाएं और किसी भी सूरत में ड्रंकन ड्राइविंग न करें।

दिल्ली सरकार के आंकड़ों के मुताबिक राजधानी दिल्ली में लाखों की संख्या में लोग डीटीसी बसों के जरिए सफर करते हैं। खास तौर पर राजधानी दिल्ली के ग्रामीण और दूर-दराज वाले इलाकों में लास्ट माइल कनेक्टिविटी के लिए डीटीसी बसें सार्वजनिक परिवहन की सबसे सुलभ साधन भी है। परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा है कि बस यात्रियों को सुलभ, सुगम और सुरक्षित यात्रा के साथ सड़क हादसों को रोकने के लिए डीटीसी के सभी बस ड्राइवरों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित प्रशिक्षण और रिफ्रेशर ट्रेनिंग लेना जरूरी किया जाएगा। जिसमें बस ड्राइवरों को अलग-अलग माध्यमों के जरिए खास ट्रेनिंग, नैतिकता का पाठ पढ़ाने के साथ ही सेफ ड्राइविंग की खास टिप्स भी सिखाई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related