- सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत ‘दिल्ली को कूड़े से आज़ादी’ अभियान में प्रवेश साहिब सिंह ने झाड़ू लगाकर दी स्वच्छता की मिसाल
नई दिल्ली । 2 अगस्त 2025 । दिल्ली सरकार द्वारा 1 से 31 अगस्त तक आयोजित सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत राजधानी में स्वच्छता को लेकर एक व्यापक जनअभियान “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य दिल्ली को अधिक स्वच्छ, स्वस्थ और नागरिकों की भागीदारी से युक्त शहर बनाना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में सभी मंत्रियों, विधायकों, पार्षदों और पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने कार्यालयों, विभागों और क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाएं और जनता को इस मुहिम से जोड़ें। इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता भी पैदा करना है।

इसी कड़ी में आज लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के पास फ्लाईओवर के नीचे स्थित PWD कार्यालय परिसर में झाड़ू लगाकर इस अभियान में व्यक्तिगत रूप से भागीदारी निभाई। उनका यह कदम नेतृत्व की वह मिसाल है, जो खुद ज़मीन पर उतरकर समाज को प्रेरित करता है।
इस अवसर पर प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई कर्मचारियों की जिम्मेदारी नहीं, यह हम सभी नागरिकों की साझा ज़िम्मेदारी है। जब नेतृत्व खुद आगे बढ़कर उदाहरण प्रस्तुत करता है, तभी समाज में स्थायी और वास्तविक बदलाव की नींव रखी जा सकती है। मैं सभी दिल्लीवासियों से आग्रह करता हूं कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और हमारी राजधानी को साफ़, हरा-भरा और गर्व से भरा शहर बनाने में अपना योगदान दें।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में PWD कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। यह अभियान केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि जनसहभागिता के माध्यम से एक स्थायी परिवर्तन की ओर बढ़ता हुआ आंदोलन है।
यह पूरी पहल पीएम नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की प्रेरणा से संचालित है, और दिल्ली इसे ज़मीन पर उतारते हुए एक जनांदोलन के रूप में विकसित कर रही है, जहाँ हर नागरिक सफाई का सहभागी और जिम्मेदार बन सके।
