- ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के तहत सिरसा ने लेडी नॉयस मिडिल स्पेशल स्कूल में विशेष बच्चों के साथ किया पौधारोपण
- “इन बच्चों की मुस्कान ने वो कह दिया जो शब्द नहीं कह सके,”
- पीएम की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ अभियान अब दिल्ली के 70 स्थानों पर सक्रिय
- इस साल 70 लाख पौधे लगाकर हरित क्षेत्र बढ़ाना व वायु प्रदूषण से लड़ना
नई दिल्ली, 25 जुलाई 25 । दिल्ली सरकार द्वारा चलाए जा रहे वन महोत्सव 2025 के अंतर्गत आज पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने नेहरू विहार स्थित गवर्नमेंट लेडी नॉयस मिडिल स्पेशल स्कूल फॉर द डेफ का दौरा किया और विशेष रूप से सक्षम बच्चों के साथ मिलकर वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा:
“ये बच्चे भले ही सुन या बोल नहीं सकते, लेकिन आज इनकी मुस्कान और चमकती आंखों ने जो कहा, वो शब्दों से कहीं ज़्यादा था। यह एक बेहद भावुक क्षण था।”
“जैसे ये बच्चे बड़े होकर देश का भविष्य गढ़ेंगे, वैसे ही आज लगाए गए ये पेड़ उनके कल की रक्षा करेंगे। यही है वन महोत्सव की सच्ची भावना।”
सिरसा ने स्कूल के शिक्षकों की भी तारीफ़ करते हुए कहा कि वे “सिर्फ़ बच्चों के शिक्षक नहीं, बल्कि मूल्यों और संवेदनाओं के भी रक्षक हैं।”

यह पौधारोपण अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम 2.0’ का हिस्सा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली के सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वर्तमान में यह मुहिम राजधानी के 70 से अधिक स्थानों पर एकसाथ चल रही है।
मंत्री सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हमारे वन महोत्सव प्रयासों की सराहना और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रकट किए गए प्रेरणादायक शब्दों ने दिल्ली के हर नागरिक को नई ऊर्जा दी है। पीएम मोदी द्वारा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और मेरे प्रयासों की सराहना, हमारे लिए सम्मान की बात है और इससे पूरे अभियान को नई गति मिली है।”
“प्रधानमंत्री के समर्थन से यह सिर्फ़ सरकारी मुहिम नहीं रही — यह लोगों का अपना अभियान बन गया है।”
अब तक लाखों लोग स्वेच्छा से इस वन महोत्सव से जुड़ चुके हैं, ताकि दिल्ली की हवा साफ़ हो सके और अगली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।
सिरसा ने कहा कि आज यह मुहिम सिर्फ़ एक अभियान नहीं रही। इसमें राजनेताओं, सेलिब्रिटी, मीडियाकर्मियों, वरिष्ठ अफसरों और यहां तक कि मुख्य न्यायाधीश और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी भागीदारी की है। यह दिल्ली के इतिहास में पहली बार हुआ है और इसी ने वन महोत्सव को जन आंदोलन बना दिया है।”
मंत्री ने आगे बताया कि स्थानीय विधायकों व जनप्रतिनिधियों द्वारा ज़मीनी स्तर पर लोगों को जोड़ा जा रहा है, ताकि हर मोहल्ले और स्कूल में पौधारोपण हो सके।

यह अभियान दिल्ली सरकार की ‘पर्यावरण कार्य योजना 2025’ का हिस्सा है, जिसमें वृक्षारोपण के साथ-साथ सड़क की धूल को रोकना, वाहनों के प्रदूषण पर नियंत्रण, और सामुदायिक भागीदारी जैसे कई स्तरों पर काम हो रहा है।
सरकार का लक्ष्य है कि 2025 में पूरे साल भर में 70 लाख से ज़्यादा पौधे लगाए जाएं, जिसके तहत रोज़ाना स्कूलों, कॉलोनियों, पार्कों, सरकारी परिसरों और जंगलों में वृक्षारोपण हो रहा है।
सिरसा ने साथ ही साथ कहा कि
वन महोत्सव 2025 सिर्फ़ पेड़ लगाने का अभियान नहीं है — यह लोगों के जीवन को छूने और अगली पीढ़ी के लिए हरित विरासत छोड़ने का संकल्प है I
