दिल्ली विधानसभा की गौरवपूर्ण गाथा को देशवासियों तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है — विजेंद्र गुप्ता

Date:

• विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

•दिल्ली विधानसभा को राष्ट्रीय धरोहर और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर की चर्चा

नई दिल्ली । 25 जुलाई 2025 । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने उपराज्यपाल को दिल्ली विधानसभा को राष्ट्रीय महत्व की धरोहर तथा एक जीवंत सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना के बारे में बताया । उपराज्यपाल ने इस पहल को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया और संबंधित सभी विभागों से सक्रिय सहयोग सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। इस दिशा में शीघ्र एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। साथ ही उपराज्यपाल जल्द ही विधानसभा परिसर का दौरा करेंगे ताकि इस विषय पर विस्तार से चर्चा की जा सके।

इस भेंट के दौरान, गुप्ता ने उपराज्यपाल को विधानसभा की ऐतिहासिक धरोहर को संजोने और उजागर करने की विभिन्न पहलों की जानकारी दी, विशेष रूप से भारत के स्वतंत्रता पूर्व और विधायी विकास में इसकी केंद्रीय भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विधानसभा परिसर में एक समर्पित स्थल की स्थापना के बारे में भी बताया जहाँ अभिलेखीय दस्तावेज़, और डिजिटल प्रदर्शनियों के माध्यम से जनसामान्य को जानकारी दी जा सके और शिक्षा संबंधी दृष्टिकोण से भी उपयोगी बनाया जा सके। स्पीकर गुप्ता ने कहा, “दिल्ली विधानसभा हमारे लोकतांत्रिक सफर का गौरवपूर्ण प्रतीक है। इसकी विरासत को संरक्षित कर देशवासियों तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।”

इसके अतिरिक्त गुप्ता ने उपराज्यपाल को विधान सभा परिसर के परिदृश्य सौंदर्यीकरण (लैंडस्केपिंग) परियोजना के बारे में बताया, जिसका उद्देश्य विधानसभा को एक दर्शनीय और पर्यावरण-संवेदनशील स्थल में रूपांतरित करना है। यह पहल सौंदर्यात्मक आकर्षण को पर्यावरणीय जागरूकता से जोड़ने का प्रयास है, जो दिल्ली में हरित सार्वजनिक स्थलों के लिए एक नया मानक स्थापित करेगी। इस परियोजना का उद्देश्य नागरिकों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना, संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें एक हरित शहर के संरक्षक के रूप में प्रेरित करना है। उपराज्यपाल ने इस दृष्टिकोण में गहरी रुचि दिखाई है।

यह बैठक दिल्ली विधानसभा को लोकतांत्रिक धरोहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपराज्यपाल के पूर्ण समर्थन और साझा दृष्टिकोण के साथ यह पहल आगामी हफ्तों में महत्वपूर्ण प्रगति की ओर अग्रसर होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related