•अस्पतालों में जल्द ही बेड बढ़ाने का गंभीर प्रयास कर रही है सरकार
नई दिल्ली । 25 जुलाई 2025 । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि दिल्ली सरकार राजधानी के सभी अस्पतालों को अपग्रेड करने और वहां बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए दृढ़-संकल्पित है। बहुत जल्द ही दिल्ली के लोगों को कुछ अस्पतालों में विशेष स्वास्थ्य सेवाएं मिलना शुरू हो जाएंगी। मुख्यमंत्री के अनुसार दिल्ली सरकार अस्पतालों में जल्द ही बेड बढ़ने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली सचिवालय में दिल्ली के अस्पतालों में चल रहे अतिरिक्त निर्माण व नए बन रहे अस्पतालों की समीक्षा बैठक की। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, मुख्यमंत्री सचिव धमेंद्र व स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि अधूरे अस्पतालों या जिन अस्पतालों में विभिन्न इलाज के लिए अतिरिक्त वार्ड आदि बनाए जा रहे हैं, अब वहां तेज गति से निर्माण कार्य चल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुनिश्चित करें कि तय समय पर इन अस्पतालों का निर्माण कार्य पूरा हो जाए। मुख्यमंत्री ने अफसरों को यह भी निर्देश दिए कि जिन आईसीयू अस्पतालों को सुपर स्पेशियलिटी आधारित अस्पतालों (जैसे कैंसर, बाल स्वास्थ्य, मातृ स्वास्थ्य आदि) में बदलना है, वहां सभी संभावित सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी भी की जाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में बेड बढ़ाने के लिए सरकार लगातार गंभीर प्रयास कर रही है। निर्माणाधीन अस्पतालों के समय पर पूरा जाने से बिस्तरों की संख्या में बढ़ोतरी हो जाएगी, जिसका लाभ दिल्ली के लोगों को मिलेगा। हमारी सरकार चाहती है कि बिस्तरों की संख्या तो बढ़े ही, साथ ही लोगों को अत्याधुनिक चिकित्सा सेवा भी प्रदान हो। बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी स्वीकृत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के लिए स्थलों की पहचान और संचालन में तेजी लाने और इसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री का कहना है कि हमारा स्पष्ट उद्देश्य है कि हर विधानसभा में 15 आरोग्य मंदिर का संचालन हों। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विधानसभाओं में जमीन तलाशने के लिए वे जनप्रतिनिधियों से संपर्क करें, इससे उन्हें आसानी से जमीन उपलब्ध हो जाएगी। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज परिसर की स्थिति और अतिक्रमण हटाने/सर्वेक्षण की भी समीक्षा की और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
