*धार्मिक गुरुओं और सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल अध्यक्ष ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में लिया हिस्सा
* सभी गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी माताओं की स्मृति में लगाए पौधे।
नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025 । वन महोत्सव 2025 के अंतर्गत आज दिल्ली में एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें धार्मिक नेताओं और सुप्रीम कोर्ट बार काउंसिल के सदस्यों ने भाग लिया। यह आयोजन दिल्ली रिज स्थित पीबीजी ग्राउंड पर ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत हुआ।
इस पहल का नेतृत्व दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा कर रहे हैं। यह अभियान इस समय दिल्ली के 70 स्थानों पर एक साथ चल रहा है, जिसमें सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
इस अवसर पर ज्ञानी जी (वाल्मीकि मंदिर), सिद्धार्थ भारद्वाज (कालका जी मंदिर), विनोद मिश्रा जी (बिड़ला मंदिर), डॉ. ज्योतिंद्र एम. दवे और डॉ. मदन मोहन पांडे (अक्षरधाम मंदिर), सिंह साहिब ज्ञानी रंजीत सिंह (बंगला साहिब गुरुद्वारा), सिंह साहिब हरनाम सिंह खालसा (शीशगंज साहिब गुरुद्वारा), विकास सिंह (अध्यक्ष, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन), प्रज्ञा बघेल (सचिव, बार एसोसिएशन) और वरिष्ठ अधिवक्ता आलोक धीर सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी माताओं की स्मृति में पौधारोपण किया।

इस मौके पर सिरसा ने कहा:
“वन महोत्सव 2025 के तहत मेगा प्लांटेशन ड्राइव अब दिल्ली के 70 स्थानों पर चल रहा है। धार्मिक गुरु हों या न्यायिक अधिकारी, सेलिब्रिटी हों या आम नागरिक — हर वर्ग से लोग स्वेच्छा से आगे आ रहे हैं। मैं सभी का धन्यवाद करता हूँ और हर दिल्लीवासी से अपील करता हूँ कि एक पौधा ज़रूर लगाएँ। तभी हम मिलकर दिल्ली को हरा-भरा बना सकते हैं और अपने आस पास की हवा को साफ़ रख सकते हैं।”

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार का उद्देश्य है कि यह अभियान एक भावनात्मक और जन-सहभागिता वाला आंदोलन बने।
यह अभियान अब एक जनांदोलन का रूप ले चुका है जिसमें छात्र, आरडब्ल्यूए, सामाजिक संगठन और बाज़ार संघ भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, ताकि दिल्ली की हवा फिर से शुद्ध हो सके। दिल्ली सरकार ने पर्यावरण एक्शन प्लान के तहत इस साल 70 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है।
