प्रवेश साहिब सिंह और मंजीन्दर सिंह सिरसा ने फ्लाईओवर व अंडरपास निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

Date:

  • UER-2 चौराहे पर वर्षों से जारी जाम की समस्या का जल्द समाधान होगा

नई दिल्ली । 17 जुलाई 2025 । दिल्ली के सबसे लंबे समय से जामग्रस्त इलाकों में से एक — UER-2 और नेशनल हाईवे के इंटरसेक्शन पर ट्रैफिक की गंभीर समस्या को सुलझाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बृहस्पतिवार को दिल्ली सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह और पर्यावरण मंत्री मंजीन्दर सिंह सिरसा ने संयुक्त रूप से निर्माणाधीन फ्लाईओवर और अंडरपास कार्य का निरीक्षण किया।

यह महत्त्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट पश्चिमी और बाहरी दिल्ली के उन लाखों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा, जो रोजाना इस जंक्शन पर लगने वाले भीषण जाम से जूझते हैं। सालों से हो रहे ट्रैफिक दबाव के चलते समय की बर्बादी, ईंधन की खपत और वायु प्रदूषण में भारी इज़ाफा देखा गया है।

निरीक्षण के बाद PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि मैं सभी कंसल्टेंट्स के साथ मिलकर यहां हुए काम की कमियों को जांचने आया हूँ। हम इसे दोबारा अध्ययन करेंगे और जो भी कमियां या गैप हैं उन्हें दूर करने का प्रयास करेंगे। दिल्ली की जनता को तात्कालिक नहीं, बल्कि दीर्घकालिक और व्यावहारिक समाधान चाहिए — और हम उसी दिशा में काम कर रहे हैं।”

यह परियोजना नजफगढ़, द्वारका, रोहिणी और NH-8 जैसे महत्त्वपूर्ण इलाकों को जोड़ने वाले इस चौराहे पर निर्बाध यातायात सुनिश्चित करेगी और वैकल्पिक मार्गों पर मौजूद दबाव को भी कम करेगी।

पर्यावरण मंत्री मंजीन्दर सिंह सिरसा ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रदूषण को नियंत्रित करना है, जो भारी ट्रैफिक के कारण लगातार बढ़ता जा रहा है। हम इस प्रदूषण को प्रभावी रूप से कम करने के तरीके खोजने पर काम कर रहे हैं। ऐसे प्रोजेक्ट सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि दिल्ली की वायु गुणवत्ता सुधारने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।”

दोनों मंत्रियों ने इस परियोजना के समयबद्ध और तकनीकी रूप से सटीक क्रियान्वयन की ज़रूरत पर बल दिया, साथ ही यह सुनिश्चित करने की बात कही कि जनहित को ध्यान में रखकर हर स्तर पर जवाबदेही बनी रहे।

वर्षों से जारी ट्रैफिक की चुनौती को हल करने की यह कोशिश अब एक ठोस दिशा में आगे बढ़ रही है — जिससे दिल्ली के नागरिकों को सुरक्षित, तेज़ और प्रदूषण-मुक्त यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related