• सीएम गोकुलपुरी कांवड़ शिविर का उद्घाटन कर व्यवस्थाओं का लिया जायज़ा
• सावन में शिवभक्तों के स्वागत के लिए दिल्ली सरकार पूरी तरह तैयार
नई दिल्ली । 17 जुलाई 2025। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज गोकुलपुरी स्थित कांवड़ शिविर का उद्घाटन किया और दौरा कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे दिल्ली में एक उत्सव जैसा माहौल है। हर कांवड़ कैंप की व्यवस्थाएं हमारी टीम, अधिकारियों, मंत्रियों और विधायकों द्वारा समय से पहले ही सुनिश्चित कर ली गई हैं। दिल्ली सरकार पूरी तत्परता और पारदर्शिता के साथ अपना कर्तव्य निभा रही है। इस दौरान सांसद मनोज तिवारी दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा एवं विधायक अजय महावर भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्ली के यमुना विहार में स्थित शिव मंदिर में पूजा अर्चना भी की और भोले बाबा का आशीर्वाद लिया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कांवड़ यात्रा आस्था और सेवा का प्रतीक है। हमारी सरकार प्रत्येक श्रद्धालु को पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। किसी को असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए हमारी सरकार सभी व्यवस्थाए सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि पहले की सरकारों के दौरान कांवड़ सेवा में भारी अनियमितताएं होती थीं। मात्र 170 कैंप लगाए जाते थे, जिनमें से कई संदिग्ध संस्थाओं के नाम पर होते थे। करोड़ों रुपये टेंट माफिया की जेब में चले जाते थे और असली शिव भक्त तक सुविधाएं नहीं पहुंचती थीं। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार 374 कांवड़ कैंप लगाए गए हैं। सभी कैंपों को केवल 72 घंटे में सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सभी आवश्यक अनुमतियाँ प्रदान की गईं। इस बार कांवड़ शिविरों की अनुमतियाँ न केवल समयबद्ध रूप से जारी की गईं, बल्कि सभी व्यवस्थाएँ भी पूर्व निर्धारित समय में पूरी कर ली गईं है। इतना ही नहीं, पहली बार सभी संस्थाओं का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है और उन्हें सीधे उनके बैंक खातों में फंड ट्रांसफर किया गया है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने शिविरों को दो किश्तों में सहायता राशि देने की नीति अपनाई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुझे खुशी है कि व्यवस्थाओं को लेकर लोगों में संतोष और उत्साह है। हमारी टीम के अथक प्रयासों से हर शिविर में साफ-सफाई, स्वास्थ्य, पेयजल, चिकित्सा सहायता, लाइट, सुरक्षा और भोजन जैसी तमाम जरूरी व्यवस्थाएँ दुरुस्त की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने सावन माह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा देश की धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा का गौरवशाली प्रतीक है और दिल्ली सरकार इसका सम्मान करती है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हर श्रद्धालु को सुलभ, सुरक्षित और सम्मानजनक यात्रा अनुभव मिले।मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद स्वयंसेवकों और कर्मचारियों की सराहना की और दिल्लीवासियों से अपील की कि वे कांवड़ यात्रियों का स्वागत खुले दिल से करें और उन्हें हरसंभव सहयोग दें।
मुख्यमंत्री बताया कि कांवड़ समिति के चेयरमैन श्री कपिल मिश्रा सहित विभिन्न समितियों और संगठनों से यह सुझाव मिला है कि सहायता राशि को और थोड़ा बढ़ाया जाए, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सके। दिल्ली सरकार इस सुझाव को गंभीरता से ले रही है और शिविरों की हरसंभव मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है।
