ट्रम्प बोले-पुतिन दिन में मीठी बातें,रात में बमबारी करते हैं

Date:

वाशिंगटन  , 14 जुलाई 2025। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर नाराजगी जताई है।

रविवार को मीडिया से बात करते हुए ट्रम्प ने कहा कि पुतिन दिन में मीठा बोलते हैं और रात में सब पर बम बरसाते हैं। हमें यह पसंद नहीं।

ट्रम्प ने ऐलान किया कि अमेरिका यूक्रेन को पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम देगा। इसके लिए ट्रम्प इस सप्ताह नाटो महासचिव मार्क रुटे से मुलाकात करेंगे।

रूस के खिलाफ यूक्रेन के समर्थन में आए ट्रम्प

ट्रम्प के करीबी रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम का कहना है कि युद्ध अब निर्णायक मोड़ पर है। ट्रम्प यूक्रेन को रूस के खिलाफ सैन्य समर्थन देने के पक्ष में आ गए हैं। ग्राहम के मुताबिक, आने वाले दिनों में यूक्रेन को रिकॉर्ड स्तर पर हथियारों की आपूर्ति शुरू होगी।

उन्होंने कहा, “पुतिन की सबसे बड़ी भूल यह थी कि उसने ट्रम्प को हल्के में लिया। अब देखिएगा, कुछ ही हफ्तों में पुतिन पर भारी दबाव बनाया जाएगा।”

पिछले हफ्ते ट्रम्प ने सोमवार को रूस को लेकर एक बड़ा ऐलान करने की बात कही थी। रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, “कल क्या होगा, यह कल ही देखेंगे।”

ट्रम्प ने गुरुवार को बताया था कि नाटो सहयोगियों और यूक्रेन के बीच अमेरिका से हथियारों की आपूर्ति को लेकर एक नया समझौता हुआ है।

यूक्रेन को 2.5 हजार करोड़ के हथियार देगा अमेरिका

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका 300 मिलियन डॉलर (2.5 हजार करोड़ रुपए) का पैकेज यूक्रेन को भेजने की तैयारी कर रहा है। इसमें पैट्रियट मिसाइल सिस्टम और मीडियम रेंज के रॉकेट शामिल होंगे।

इसके साथ ट्रम्प ने कहा कि वे सोमवार को रूस को लेकर बड़ा बयान दे सकते हैं। राष्ट्रपति बनने के बाद ये पहली बार होगा जब ट्रम्प प्रेसिडेंशियल ड्रॉडाउन अथॉरिटी के तहत यूक्रेन को हथियार भेजने की अनुमति देंगे।

यह एक कानूनी तरीका है जो राष्ट्रपति को बुरे समय में अमेरिकी भंडार से सीधे हथियार भेजने की अनुमति देता है। इससे पहले ट्रम्प सरकार ने केवल पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा मंजूर किए गए हथियार ही यूक्रेन को भेजे थे।

अमेरिका, नाटो और यूक्रेन के बीच हथियारों को लेकर समझौता

यह हथियारों का नया समझौता अमेरिका, नाटो और यूक्रेन के बीच है। पहले अमेरिका सीधे यूक्रेन को हथियार भेजता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया नाटो के जरिए होगी। ट्रम्प ने कहा, “हम नाटो को हथियार भेजेंगे, और नाटो इनका पूरा पैसा देगा। फिर नाटो इन्हें यूक्रेन को देगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related