नई दिल्ली, 12 जुलाई 25 । आईपी यूनिवर्सिटी आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 से 3-वर्षीय एलएलबी प्रोग्राम शुरू करने जा रही है।
यह प्रोग्राम द्वारका परिसर स्थित यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ लॉ एंड लीगल स्टडीज और संबद्ध कॉलेजों – विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज और चन्द्रप्रभु जैन कॉलेज में उपलब्ध होगा।
शुरुआत में इन तीनों संस्थानों में इस कार्यक्रम के लिए 60-60 सीटें उपलब्ध होंगी। इस कार्यक्रम का कोड 238 है।
इस कार्यक्रम में प्रवेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा (सीईटी) के आधार पर दिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा में भाषा और संप्रेषण, सामान्य ज्ञान और समसामयिकी तथा कानून और कानूनी तर्क की मूल बातें पूछी जाएंगी। इस प्रोग्राम के लिए आवेदन करने की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक है।
इस कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन लिंक 18 जुलाई 2025 से विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर सक्रिय हो जाएगा। योग्य अभ्यर्थी 2,500 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करके इस कार्यक्रम के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की दोनों वेबसाइट्स www.ipu.ac.in और www.ipu.admissions.nic.in पर उपलब्ध है।
