रातभर हुई वर्षा के बीच कुलजीत सिंह चहल ने NDMC की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया

Date:

नई दिल्ली | 10 जुलाई, 2025 । राष्ट्रीय राजधानी में रातभर हुई वर्षा को ध्यान में रखते हुए, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज प्रातःकाल NDMC क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान नागरिक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य विभाग के प्रमुख अधिकारियों व वरिष्ठ इंजीनियरों की टीम भी उनके साथ उपस्थित रही।

निरीक्षण का उद्देश्य मानसून के दौरान आवश्यक नागरिक सेवाओं की सुचारू आपूर्ति, जल निकासी व्यवस्था की स्थिति तथा NDMC की जमीनी स्तर की तैयारियों का मूल्यांकन करना था। चहल ने उन स्थानों का दौरा किया जहां जलभराव से निपटने के लिए पूर्व से ही डीवॉटरिंग पंप स्थापित किए गए हैं।

चहल ने NDMC टीम के कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जानकारी दी कि NDMC के एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर (ICCC) में केवल एक ही जलभराव की शिकायत प्राप्त हुई है। साथ ही, NDMC क्षेत्र में न तो किसी पेड़ के गिरने की सूचना मिली है और न ही विद्युत आपूर्ति या किसी अन्य प्रमुख सेवा में कोई बाधा उत्पन्न हुई है।

उन्होंने NDMC अधिकारियों, इंजीनियरों व सफाई कर्मचारियों की निष्ठा और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा, “वर्षा के दौरान नागरिक सेवाओं का निर्बाध संचालन NDMC की पूर्व योजना और सक्रिय मैदान स्तर की तत्परता का परिचायक है। मैं उन सभी कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जो राजधानी क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और कार्यशील बनाए रखने हेतु चौबीसों घंटे कार्यरत हैं।”

चहल ने यह भी दोहराया कि NDMC मानसून के दौरान उच्च सेवा मानकों को बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संकल्पबद्ध है। यह प्रतिबद्धता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ, स्मार्ट और सशक्त राजधानी शहर के दृष्टिकोण के अनुरूप है।

कुलजीत सिंह चहल ने कहा, “विकसित भारत के लिए विकसित NDMC हमारा मिशन है। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए मिलकर कार्य कर रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “NDMC क्षेत्रों से जलभराव की समस्या को पूरी तरह समाप्त करने का हमने दृढ़ संकल्प लिया है। इसके लिए पर्याप्त पंपिंग व्यवस्था, Sump का निर्माण, वर्षा जल संचयन गड्ढों का निर्माण तथा पर्याप्त संख्या में जमीनी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की गई है।”

चहल ने बताया कि इन सभी पूर्व-सक्रिय उपायों के चलते NDMC क्षेत्र में लगातार बारिश के बावजूद यातायात व आमजन की आवाजाही में कोई बाधा नहीं आई और व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रही है I

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related