- भोले के भक्तों के सम्मान व स्वागत के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है दिल्ली सरकार
- रेखा गुप्ता के निर्देश पर संयुक्त निरीक्षण दल ने जांची व्यवस्थाएं
नई दिल्ली । 9 जुलाई 2025 । दिल्ली सरकार ने सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान शिव भक्तों (कांवड़ियों) के स्वागत, सुरक्षा एवं सेवा के लिए युद्धस्तर पर तैयारियाँ प्रारंभ कर दी हैं। इसी क्रम में आज दिल्ली के संस्कृति, पर्यटन और विकास मंत्री कपिल मिश्रा ने अप्सरा बॉर्डर से लेकर करोलबाग तक विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया जहाँ से सावन के महीने में हर वर्ष करोड़ों की संख्या में कांवड़िए गुजरते हैं।
आज मंत्री कपिल मिश्रा की अगुवाई में निरीक्षण दल ने अप्सरा बॉर्डर स्थित दिलशाद गार्डन होते हुए सीलमपुर, शास्त्री पार्क, कश्मीरी गेट और करोलबाग जैसे प्रमुख स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कपिल मिश्रा ने सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करते हुए निर्देश दिए कि यातायात की रफ्तार धीमी किए बिना कांवड़ यात्रा निर्बाध रूप से संपन्न होनी चाहिए।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान कपिल मिश्रा ने कहा, “दिल्ली सरकार शिव भक्तों की सेवा और उनकी आस्था के सम्मान में कोई कमी नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यह निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है ताकि केवल फाइलों में नहीं बल्कि धरातल पर व्यवस्थाएँ दिखें। हमारी प्राथमिकता है कि कांवड़ यात्रा दिल्ली में भव्य, सुरक्षित और श्रद्धा-युक्त रूप से सम्पन्न हो। दिल्ली की सीमाओं पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जा रहे हैं, कांवड़ सेवा समितियों को सहायता राशि प्रदान की जा रही है और उनके शिविर स्थापित हो चुके हैं। मैं सभी समितियों से आग्रह करता हूँ कि प्रतियोगिता की भावना से सर्वश्रेष्ठ शिविर स्थापित करें ताकि दिल्ली की कांवड़ सेवा पूरे देश के लिए एक आदर्श बने।”
निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने आगे कहा, “दिल्ली इस बार भोले के रंग में डूबने को तैयार है। दिल्ली सरकार पूरी तरह संकल्पित है कि इस बार कांवड़ियों का स्वागत भव्य, ऐतिहासिक और दिव्य हो। पुष्पवर्षा से लेकर स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, जल व्यवस्था और बैरिकेडिंग तक की हर सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। हर वर्ष दिल्ली में लगभग 2.5 से 3 करोड़ कांवड़िए आते हैं और दिल्ली के लाखों श्रद्धालु भी इस यात्रा में सम्मिलित होते हैं। नगर निगम की सहायता से इन सभी के स्वागत की भव्य तैयारियां की गई हैं।’’
उन्होंने बताया कि यह पहली बार है कि जब किसी मंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली के चार विधायक अनिल शर्मा, तिलक राम गुप्ता, संजय गोयल, प्रदुम्न राजपूत के साथ एक संयुक्त निरीक्षण दल का गठन किया गया है, जो यह दर्शाता है कि दिल्ली सरकार कांवड़ियों की सेवा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस निरीक्षण में दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह, विधायक अजय महावर और सम्बंधित विभाग के अधिकारी भी सम्मिलित हुए।
सिंगल विंडो क्लीयरेंस स्थापित किए जाने के लिए कांवड़ सेवा समितियों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया क्योंकि सिंगल विंडो सिस्टम से कांवड़ सेवा से जुड़े आयोजकों की दिक्कतें काफी कम हुई हैं और साथ ही सहायता राशि सीधे उनके अकाउंट में भेजी जा रही। आयोजकों ने यह भी कहा की सिंगल विंडो सिस्टम से कावड़ शिविरों के आयोजन में पारदर्शिता आई है जिसकी वजह से इस बार की कांवड़ यात्रा बहुत ही भव्य और दिव्य रहने वाली है।
