- छतरपुर विधानसभा मे जमीनी मुद्दों पर सीधा संवाद, स्पष्ट समाधान और जनता से पारिवारिक रिश्ता
नई दिल्ली, 27 जून 25। दिल्ली सरकार में लोक निर्माण (PWD) एवं जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज छतरपुर विधानसभा का व्यापक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की और लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

मंत्री ने क्षेत्र से अपने गहरे जुड़ाव को साझा करते हुए कहा:
“छतरपुर मेरे लिए केवल एक राजनीतिक क्षेत्र नहीं है — यह मेरे जीवन का हिस्सा है। मेरे पिता भी यहां से सांसद रहे हैं। मैंने इस ज़मीन, यहां की तकलीफों और संघर्षों को क़रीब से जिया है। मेरे लिए यहां की सेवा राजनीति नहीं, पारिवारिक ज़िम्मेदारी है।”
दौरे के दौरान मंत्री ने 100 फुटा रोड, CDR चौक, जोणापुर गांव, नेब सराय चौपाल और मैदानगढ़ी गांव में स्थानीय लोगों से मुलाकात की, उनकी शिकायतें सुनीं और विकास कार्यों में तेजी का आश्वासन दिया।
प्रमुख घोषणाएं और प्रगति:
* मांडी रोड को NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) को सौंपने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जैसे ही ये सड़कें NHAI के अधीन आएंगी, इन्हें राष्ट्रीय मानकों के अनुसार चौड़ा और सुदृढ़ किया जाएगा। इससे जाम और खराब सड़कों की समस्याओं का स्थायी समाधान होगा।
* 80 MGD क्षमता का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (WTP) छतरपुर में बनाया जा रहा है। इसमें हिमाचल प्रदेश से कच्चा पानी लाकर क्षेत्र में स्वच्छ और निरंतर जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
* 85 ट्यूबवेल क्षेत्र के लिए पहले ही स्वीकृत किए जा चुके हैं और इनका इंस्टॉलेशन कार्य शुरू हो गया है।
* UGR (Underground Reservoir) से जलापूर्ति जोड़ने के काम भी तेज़ी से प्रगति पर हैं।
* सीवर परियोजना को लेकर मंत्री ने बताया कि टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा।

मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा
“हमारा संकल्प स्पष्ट है — दिल्ली के गांव अब पीछे नहीं रहेंगे। भाजपा के नेतृत्व में ग्रामीण विकास केवल नारा नहीं, बल्कि मिशन है। जो सुविधाएं शहरी कॉलोनियों को मिलती हैं, वही अब हर गांव तक पहुंचनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा:“सड़क, पानी या सीवर — हर मूलभूत सेवा को प्राथमिकता दी जा रही है। और मैं यह विश्वास दिलाता हूं — दिल्ली देहात के विकास के लिए धन की कभी कमी नहीं होने दी जाएगी। हम केवल इन्फ्रास्ट्रक्चर नहीं, विश्वास भी बना रहे हैं।”
इस दौरे में उनके साथ PWD, दिल्ली जल बोर्ड और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में, पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं।
