• डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने पूठ-खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल का औचक निरीक्षण किया
• पिछली सरकार की लापरवाही के चलते मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े महत्वपूर्ण काम अटके पड़े हैं
नई दिल्ली। 27 जून 25 । दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के बवाना के पूठ खुर्द में स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निर्माण कार्यों की प्रगति के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह के साथ दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र सिंह (इंद्राज) भी मौजूद रहे।
महर्षि वाल्मीकि अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने महर्षि वाल्मीकि अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, डॉक्टर्स और नर्सो, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। मंत्री महोदय ने अस्पताल की सफाई व्यवस्था और दवाइयों के स्टॉक के साथ ही मरीजों के उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान मंत्री महोदय ने ओपीडी में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के साथ ही अस्पताल में भर्ती मरीजों, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से बातचीत कर सबकी समस्याएं सुनीं।
औचक निरीक्षण के दौरान डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अस्पताल में सिविल वर्क्स में हो रही देरी और स्टाफ की उपलब्धता में कमी को लेकर अस्पताल प्रशासन से जुड़े अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को तुरंत दुरुस्त कर सभी पेंडिंग काम को जल्द पूरा करने के सख्त निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों को तुरंत दूर करने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित निर्माण कार्यों को संबंधित विभागों के सहयोग से शीघ्र पूरा किया जाए। मंत्री महोदय ने कहा कि महर्षि वाल्मिकी अस्पताल जो बाहरी दिल्ली के लोगों के बेहतर इलाज के लिए बनाया गया है। जहां बाहरी दिल्ली के रहने वाले लोग इस उम्मीद में पहुंचते हैं कि उऩको समय पर और गुणवत्तापूर्ण हर बीमारी का इलाज मिल सके। हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी सभी कमियों को शीघ्रता से दूर कर स्वास्थ्य सेवा को और मजबूत बनाया जा सकें।

कैबिनेट मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने अस्पताल के निरीक्षण के बाद कहा कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य है कि अस्पतालों में डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की कोई कमी नहीं हो सके और स्वच्छता और सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए। आने वाले समय में राजधानी दिल्ली के सभी सरकारी आस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं और सुविधाओं में सुधार साफ-साफ नजर आएगा।
स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने महर्षि वाल्मिकी अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे लोगों से बातचीत के बाद कहा कि स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी सिर्फ मरीजों के प्रति ही नहीं, बल्कि अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर्स, मेडिकल स्टाफ के प्रति भी होनी चाहिए। अस्पताल पहुंचे प्रत्येक मरीजों के प्रति डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों का व्यवहार बेहद पेशेवर और सौम्य होना चाहिए। हर मरीज को सम्मान देने के साथ अस्पताल में सुरक्षित और समुचित देखभाल करने की जरूरत है। मैं खुद भी दिल्ली सरकार के अस्पतालों का औचक निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करने में जुटा हूं कि अस्पताल पहुंचे हर मरीजों को बेहतर इलाज और सुविधाएं मिल सके। मेरी प्राथमिकता मरीजों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं देना है। स्वास्थ्य सेवा से जुड़ी किसी भी चुनौतियों का समाधान करना हमारी सरकार की पहली प्राथमिकता है। हम सब मिलकर काम करेंगे ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को बेहतरीन और सहयोगी वातावरण मिल सके।
डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व दिल्ली सरकार राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को विश्वस्तरीय बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों में आपातकालीन सेवाओं, दवा आपूर्ति और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं को और बेहतर किया जा रहा है। पिछली सरकारों की गलतियों के चलते सरकारी अस्पतालों की स्थिति बेहद खराब हालात में है। पिछली सरकारों ने इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े टेंडर को देने में जान बुझकर देरी की, जिससे ओटी सहित अन्य मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के काम में देरी हो रही है। हमारी सरकार बनने के बाद इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी तकनीकि समस्याओं पर विशेष तौर पर ध्यान दे रही है जिससे अस्पतालों के सिविल वर्क जल्द पूरा हो सकें।
