यूनिवर्सिटी नशा मुक्ति क्लब बनाएं, ड्रग फ्री कैंपस घोषित करें : रविन्द्र इन्द्राज

Date:

  • 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा आयोजन

नई दिल्ली । 25 जून 2025 । समाज कल्याण मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने दिल्ली के विश्वविद्यालयों के कुलपतियों को पत्र लिखकर नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय सहयोग का आग्रह किया है। पत्र में विश्वविद्यालयों में नशे को लेकर जागरूकता और नियंत्रण के लिए नशा मुक्ति क्लब के गठन और परिसर को ‘ड्रग फ्री कैंपस’ घोषित करने के लिए कहा है। साथ ही कहा है कि जन सहभागिता और संस्थागत सहयोग से ही नशा मुक्त, स्वस्थ और सशक्त दिल्ली का सपना साकार हो सकता है।

समाज कल्याण मंत्री ने 26 जून को अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सुबह नौ बजे होने वाले राज्यस्तरीय मेगा आयोजन के लिए भी कुलपतियों और छात्रों को आमंत्रित किया है।

रविन्द्र इन्द्राज ने पत्र के जरिए कहा है कि नशे की लत व्यक्ति के साथ परिवार और समाज के लिए भी उतनी ही घातक है। इसलिए रोकथाम के प्रयास हर स्तर पर जरूरी हैं। समाज कल्याण विभाग ड्रग डिमांड रिडक्शन का नोडल विभाग है और नशे के रोकथाम, उपचार, पुनर्वास, जागरूकता एवं सूचना-प्रसार के विभिन्न प्रयासों का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर रहा है। केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए शैक्षणिक परिसरों की भूमिका अहम है।

समाज कल्याण मंत्री ने परिसर में वालन्टियर्स की पहचान व उनके प्रशिक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताओं और नुक्कड़ नाटकों के आयोजन साथ ही सांस्कृतिक प्रतियोगिता, जिंगल/वीडियो निर्माण प्रतियोगिता, पूर्व छात्रों की भागीदारी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिये प्रचार जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों से सौ मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने पर भी जोर दिया है।

समाज कल्याण मंत्री ने विश्वविद्यालयों से आग्रह किया कि उनके सभी प्रयास एनएमबीए ऐप पर अपलोड किए जाएं और नोडल अधिकारी का विवरण समाज कल्याण विभाग को भेजा जाए। विभाग एक समर्पित व्हाट्सएप समूह बनाकर अभियान से जुड़ी जानकारी और तस्वीरें साझा करने की व्यवस्था करेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related