- ICAI द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गुप्ता ने योग को व्यावसायिक और व्यक्तिगत जीवन में संतुलन का मूल मंत्र बताया
नई दिल्ली,। 21 जून 2025 । दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता आज भारतीय चार्टर्ड एकाउंटेंट्स संस्थान (ICAI) द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में गुप्ता ने योग को भारतीय ज्ञान परंपरा की एक अमूल्य देन बताते हुए इसे आज के तेज़-तर्रार जीवन में मानसिक स्पष्टता, भावनात्मक संतुलन और आध्यात्मिक स्थिरता का साधन बताया।
गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक आसनों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के हर क्षेत्र में संतुलन लाने वाली जीवनशैली है। विशेष रूप से चार्टर्ड अकाउंटेंट जैसे पेशेवरों के लिए, जो जटिल दायित्वों और उच्च मानसिक दबाव में कार्य करते हैं, योग मानसिक शांति और एकाग्रता बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” की भावना यह दर्शाती है कि व्यक्ति की भलाई समाज और पर्यावरण की भलाई से जुड़ी हुई है — और योग इस समग्र दृष्टिकोण को बढ़ावा देता है।इस विशेष अवसर पर ICAI के अध्यक्ष चरणजोत सिंह भी उपस्थित थे।

गुप्ता ने ICAI की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जिस प्रकार यह संस्था वित्तीय ईमानदारी और व्यावसायिक नैतिकता को बढ़ावा देती है, उसी तरह योग को पेशेवर जीवन में शामिल करना एक संतुलित और जागरूक कार्य संस्कृति का निर्माण करता है। उन्होंने कहा, “लेखा परीक्षा, अनुपालन और रणनीतिक विश्लेषण जैसी जिम्मेदारियों के बीच योग हमें स्थिरता, ध्यान और उद्देश्य के साथ कार्य करने में सहायता करता है।” उन्होंने योग और ध्यान को जीवन का अभिन्न अंग बनाने, दैनिक अभ्यास, प्राणायाम और आत्म-चिंतन के माध्यम से शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाए रखने का आग्रह किया।
अपने वक्तव्य के अंत में श्री गुप्ता ने प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा का हवाला देते हुए सभी के सुख-शांति की कामना की और समाज से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन का आयोजन न मानें, बल्कि इसे जीवन में बदलाव लाने वाले आंदोलन के रूप में अपनाएं। उन्होंने कहा, “यह दिवस सरलता, आंतरिक शक्ति और धरती के प्रति साझा जिम्मेदारी की ओर एक संकल्प बने”।
