सिरसा ने अशोक नगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का नेतृत्व किया
- “पिछली सरकार ने योग दिवस को राजनीतिक कारणों से नज़रअंदाज़ किया
नई दिल्ली,। 21 जून 2025 । आज पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने अशोक नगर के हॉकी ग्राउंड में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व किया। इस मौके पर उन्होंने स्थानीय निवासियों, युवा समूहों और वरिष्ठ नागरिकों के साथ योग अभ्यास किया। यह कार्यक्रम राजधानी में जनता की भागीदारी और गर्व के साथ इस वैश्विक दिन को मनाने के लिए आयोजित किए गए कई आयोजनों का हिस्सा था।

“मैं दिल्ली के लोगों को दिल से बधाई देता हूँ कि हम 11 साल बाद उत्साह से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। ये अपने आप में ऐतिहासिक है,” श्री सिरसा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा। “जब पूरी दुनिया योग दिवस मना रही थी, तब दिल्ली की पिछली सरकार ने सिर्फ इसलिए इसे नज़रअंदाज़ किया क्योंकि ये प्रधानमंत्री मोदी की पहल थी। उस सोच ने लोगों को उस चीज़ से दूर कर दिया जो हमारी संस्कृति का हिस्सा है।”

नई सरकार के नेतृत्व में दिल्ली के कई प्रमुख स्थानों और कॉलोनियों में हजारों लोगों ने उत्साह से योग दिवस में हिस्सा लिया।
“योग राजनीति नहीं है, ये हमारे स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़ा हुआ है,” सिरसा ने कहा। “ये देखकर गर्व होता है कि जब प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में योग कर रहे हैं और मुख्यमंत्री यमुना किनारे हैं, तब दिल्ली के हर कोने में लोग इस परंपरा को अपना रहे हैं। अब दिल्ली को ऐसी सरकार मिली है जो सेहत और संस्कृति – दोनों को प्राथमिकता देती है।”
