अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2025 के अवसर पर कुलजीत सिंह चहल ने योग दिवस स्थलों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की

Date:

नई दिल्ली ।20 जून 25 । मोदी के योग को वैश्विक स्वास्थ्य आंदोलन के रूप में प्रोत्साहित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (IDY) 2025 को एनडीएमसी क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित स्थलों पर भव्य रूप से मनाया जाएगा। इस आयोजन की पूर्व संध्या पर, एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने आज इन आयोजनों के लिए चिन्हित विभिन्न स्थलों का दौरा कर जमीनी तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लॉजिस्टिक व्यवस्था, स्थल की तैयारी, साइनबोर्ड्स, प्रतिभागियों की योजना और योग सहयोगी संस्थाओं के साथ समन्वय की स्थिति का जायज़ा लिया।

चहल ने बताया कि यह पहल विकसित भारत @2047 के दृष्टिकोण की दिशा में एनडीएमसी की निरंतर प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसमें स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती को राष्ट्रीय लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए मूलभूत माना गया है। उन्होंने कहा, “योग को बढ़ावा देना एक स्वस्थ और जागरूक नागरिक समाज की नींव को मजबूत करता है। एक सशक्त और सजग जनसंख्या किसी भी विकसित राष्ट्र की असली ताकत होती है।”

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी क्षेत्र के आठ प्रमुख स्थलों पर मुख्य योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे: कर्तव्य पथ (साउथ लॉन), लोदी गार्डन, टॉकाटोरा गार्डन, शांतिपथ लॉन, सेंट्रल पार्क (कनॉट प्लेस), पंडारा पार्क, न्यू मोती बाग (IAS रेजिडेंस) और संजय झील (लक्ष्मीबाई नगर)।

चहल ने आगे जानकारी दी कि विभिन्न स्थानों पर नागरिकों के साथ योग अभ्यास में भाग लेने के लिए प्रमुख हस्तियों और अति-विशिष्ट व्यक्तियों (VVIPs) की उपस्थिति भी अपेक्षित होंगी । उन्होंने कहा, “हर स्थल की सुरक्षा और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करना हमारी ज़िम्मेदारी है और इसके लिए प्रत्येक स्थल का गहन निरीक्षण आवश्यक है।”

उन्होंने जानकारी दी कि यह आयोजन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आर्ट ऑफ लिविंग, पतंजलि योग समिति, गायत्री परिवार सहित अन्य प्रतिष्ठित योग संस्थाओं के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्थल पर 300 से 2000 प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है, जो समाज के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करते हैं।

चहल ने लोदी गार्डन और तालकटोरा गार्डन का भी दौरा किया, जहां 18 से 20 जून तक 3 दिवसीय योग शिविर आयोजित किए गए थे। पतंजलि योग समिति और गायत्री परिवार के सहयोग से आयोजित इन शिविरों को नागरिकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और इसने मुख्य कार्यक्रम के लिए उत्साह और जागरूकता उत्पन्न की है।

उन्होंने बताया कि एनडीएमसी द्वारा सभी स्थलों पर संपूर्ण लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, जिनमें शामिल हैं: प्रधानमंत्री मोदी के संदेश का सीधा प्रसारण, योगा टी-शर्ट व मैट्स का वितरण, डिजिटल ब्रांडिंग सामग्री की व्यवस्था, तथा AYUSH मंत्रालय के माध्यम से प्रशिक्षकों और स्वयंसेवकों की तैनाती।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related