- एनडीएमसी, अध्यक्ष ने खान मार्केट में माइक्रो मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमएमआरएफ) और आरआरआर सेंटर का शुभारंभ किया।
नई दिल्ली,। 19 जून, 2025 । नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने चिंतन पर्यावरण अनुसंधान और कार्य समूह के सहयोग से सौर ऊर्जा संचालित माइक्रो मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमएमआरएफ) और आरआरआर (रिड्यूस, रीयूज, रीसाइकिल) सेंटर की शुरुआत की, जिसका शुभारंभ एनडीएमसी के अध्यक्ष केशव चंद्रा ने चिंतन के संस्थापक भारती चतुर्वेदी के साथ आज खान मार्केट, नई दिल्ली में किया।
शुभारंभ के बाद केशव चंद्रा ने कहा कि “एनडीएमसी अभिनव, विकेंद्रीकृत, समुदाय-केंद्रित पहलों द्वारा लैंडफिल पर दबाव कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। खान मार्केट एमएमआरएफ और आरआरआर केंद्र हमारे द्वारा लॉन्च किए गए 8 ऐसे केंद्रों में से एक है। हम एनडीएमसी क्षेत्र में अपशिष्ट उत्पादकों को अपना कचरा यहां डालने के लिए या पिक अप के लिए कॉल करके इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि यह केंद्र पुराने जूते, कपड़े, कागज, किताबें, ई-कचरा, घरेलू खतरनाक कचरा आदि जैसे कचरे को इकट्ठा करेगा और जिम्मेदारी से उनका प्रबंधन करेगा।
इस अवसर पर भारती चतुवेदी ने कहा कि हम एनडीएमसी के साथ साझेदारी के लिए आभारी हैं और इस एमएमआरएफ और आरआरआर केंद्र को लचीले बुनियादी ढांचे का एक हिस्सा बनाने पर गर्व है, जो हरित आजीविका को सक्षम बनाता है और साथ ही काम करने की स्थिति में भी सुधार करता है।
एमओएच, एनडीएमसी, डॉ. शकुंतला श्रीवास्तव ने कहा कि एनडीएमसी लगातार कचरा बीनने वालों के साथ मिलकर कचरे को कम करने, पुन: उपयोग करने, अप-साइकिल और रीसाइकिल करने के प्रयास कर रही है। पुराने अपशिष्ट धाराओं के साथ-साथ, आज हमें कई नए अपशिष्ट धाराएँ भी मिली हैं- कपड़ा अपशिष्ट से लेकर जूते, ई-कचरा और बहुत कुछ। हमारा काम इनके लिए समाधान ढूँढना है।
यह पहल एनडीएमसी क्षेत्र में आठ ऐसे विकेन्द्रीकृत केंद्रों को चालू करने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है, जिनमें से प्रत्येक को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2016 के अनुरूप संग्रह, पृथक्करण, पुन: उपयोग, अप साइक्लिंग और सुरक्षित निपटान के माध्यम से विशिष्ट अपशिष्ट धाराओं से निपटने के लिए डिज़ाइन किया गया है।
यह ढलाव केन्द्र हैं जिन्हें एमएमआरएफ प्लस आरआरआर केंद्रों में बदल दिया गया है। गर्मी और उमस में पंखे, साथ ही प्रकाश और ज़रूरत पड़ने पर वज़न तौलने वाली मशीनें चलाने के लिए सौर पैनल बिजली प्रदान करते हैं, जो यह दिखाते हैं कि कैसे अक्षय, हरित ऊर्जा गर्मी से लड़ सकती है, स्वास्थ्य में सुधार कर सकती है और अधिक कुशल अपशिष्ट प्रबंधन को भी सक्षम बना सकती है। यह हरित उन्नयन SUEZ India द्वारा सक्षम किया गया है।
खान मार्केट केन्द्र में ई-कचरे को संग्रह करके निपटान के लिए जिम्मेदारी से सौंपने में विशेषज्ञता होगी, यह सुनिश्चित करेगी कि नागरिक यहाँ सुरक्षित रूप से ई-कचरा जमा कर सकें। औपचारिक अपशिष्ट प्रणाली में एकीकृत प्रशिक्षित अपशिष्ट बीनने वाले, परिचालन का प्रबंधन करेंगे और इस प्रकार पर्यावरणीय स्थिरता और आजीविका दोनों को मजबूत करेंगे।
