एनडीएमसी के सभी विभाग मिलकर विकसित दिल्ली के लिये कार्य करें – मनोहर लाल खट्टर

Date:

  • एनडीएमसी मोदी के विकसित भारत, विकसित दिल्ली, विकसित एनडीएमसी के विजन के प्रति पूरी तरह समर्पित है – कुलजीत चहल
  • मनोहर लाल खट्टर और कुलजीत सिंह चहल ने सरोजिनी नगर हाउसिंग कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया

नई दिल्ली । 17 जून 2025। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल के साथ मिलकर सरोजिनी नगर में नव-निर्मित सरकारी आवासीय क्वार्टरों का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर एनडीएमसी के सचिव तारिक थॉमस, मुख्य अभियंता (सिविल) एच.पी. सिंह सहित एनडीएमसी और एनबीसीसी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

इस अवसर पर चहल ने कहा कि एनडीएमसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत, विकसित दिल्ली, विकसित एनडीएमसी के विजन के प्रति पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने बताया कि ये आवासीय पुनर्विकास परियोजनाएं प्रधानमंत्री जी की सोच का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों को आधुनिक, टिकाऊ और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है।

खट्टर ने कहा कि यह दौरा निवासियों की समस्याओं को समझने और बरसात से पहले जलभराव की स्थिति का जायज़ा लेने के लिए किया गया था। उन्होंने कहा कि नई इमारतों में कुछ छोटे-मोटे मुद्दे सामान्य होते हैं और इनका मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करना ज़रूरी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों के साथ बैठक कर इन समस्याओं का समाधान कराया जाएगा ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान सरोजिनी नगर मार्केट, लोधी एस्टेट और एनबीसीसी की आवासीय कॉलोनियों जैसे जलभराव संभावित इलाकों का भी सर्वेक्षण किया गया। खट्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात शुरू होने से पहले सभी नालियों और सीवरेज से जुड़े कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जाए।

सरोजिनी नगर के बाद केंद्रीय मंत्री ने भारती नगर क्षेत्र का दौरा कर एनडीएमसी की जलभराव से निपटने की तैयारियों का जायज़ा लिया। इस दौरान एनडीएमसी के सचिव और मुख्य अभियंता (सिविल) ने उन्हें जानकारी दी कि जलभराव संभावित इलाकों में बड़ी संख्या में सुम्प पिट बनाए गए हैं, पर्याप्त पंपिंग मशीनें लगाई गई हैं और वर्षा जल संचयन के गड्ढे भी तैयार किए गए हैं।

इसके अलावा चहल ने बताया कि सरोजिनी नगर मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा सड़क चौड़ीकरण की मांग की गई है और एनबीसीसी क्वार्टर से जुड़े कुछ मुद्दे एनडीएमसी के संज्ञान में आए हैं। मंत्री ने एनबीसीसी की परियोजनाओं की समीक्षा करने के भी निर्देश दिए हैं।

चहल ने बताया कि एनडीएमसी और एनबीसीसी मिलकर जीपीआरए योजना के अंतर्गत बने सभी नए आवासीय भवनों को सुरक्षित, स्वच्छ और कार्यात्मक बनाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।

खट्टर ने कहा कि नियमित निरीक्षण, समय पर हस्तक्षेप और नागरिकों की ज़रूरतों को ध्यान में रखते हुए की गई योजना, विकसित भारत के निर्माण की नींव हैं। उन्होंने कहा कि एनडीएमसी द्वारा चलाए जा रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्य विकसित भारत@2047 के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम हैं।

चहल ने अंत में कहा कि इस प्रकार के निरीक्षण सरकार की सुशासन, जवाबदेही और विश्वस्तरीय नगरीय विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। प्रधानमंत्री के विजन के अनुसार, एनडीएमसी का हर इलाका एक स्मार्ट और टिकाऊ भविष्य के लिए तैयार किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related