नई दिल्ली। 2 जून 25 । दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आज दिल्ली नगर निगम के वार्ड समितियों के साथ ही स्थाई समिति के चुनाव के नतीजों ने यह स्थापित कर दिया है की आम आदमी पार्टी एक बिखरती हुई पार्टी है जिसका जन समर्थन तो खत्म हुआ ही है अब उसके जन प्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी भी पार्टी से छिटक रहे हैं।
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है कि आज दक्षिण दिल्ली क्षेत्र सहित 8 क्षेत्रों में चेयरमैन का चुनाव जीतने के साथ ही स्थाई समिति के सदस्य का अतिरिक्त चुनाव जीतना और रोहिणी क्षेत्र में डिप्टी चेयरमैन का चुनाव जीतना साफ दर्शाता है की आम आदमी पार्टी के नगर निगम पार्षदों में पार्टी नेतृत्व के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है।
सचदेवा ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी अब कल दिल्ली नगर निगम में स्थाई समिति के 11वें सदस्य का भी चुनाव जीतेगी और हम शीघ्र नगर निगम की स्थाई समिति के चेयरमैन का चुनाव करवा के निगम प्रशासन को सुचारू कर अटके हुए विकास कार्य शुरु करवायेंगे।