- दिल्ली में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का शुभारंभ — दिल्ली के 50 स्थानों पर लगेंगे संवाद कैंप
- खाद की कालाबाजारी करने वालों को चेतावनी, सुधरें या तैयार रहें कार्रवाई के लिए।
नई दिल्ली । 29 मई 2025 । दिल्ली के उत्तर जिला स्थित दरियापुर गांव में आज “विकसित कृषि संकल्प अभियान” का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति, कृषि एवं विकास और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह आयोजन केंद्र सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत किया गया, जिसका उद्देश्य किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित कर कृषि में नवीन तकनीकों और नवाचारों को बढ़ावा देना है।
अपने संबोधन में मिश्रा ने बताया कि यह अभियान दिल्ली के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जहां वर्षों तक किसानों की समस्याओं की अनदेखी की गई। उन्होंने कहा, “पहले मुझे भी यह नहीं पता था कि दिल्ली में एक कृषि मंत्रालय है, लेकिन अब समय बदल गया है। हमारी सरकार ने दिल्ली के देहात को उसकी सही पहचान देने का संकल्प लिया है। दिल्ली में किसान भी हैं, खेती भी होती है और अब एक सशक्त कृषि मंत्रालय भी सक्रिय रूप में काम कर रहा है।”
कपिल मिश्रा ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत दिल्ली के 50 स्थानों पर विशेष संवाद कैंप आयोजित किए जाएंगे, जहां कृषि वैज्ञानिकों और किसानों के बीच सीधा संवाद होगा। वैज्ञानिक न केवल किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देंगे, बल्कि उनके अनुभवों और नवाचारों का भी दस्तावेज़ीकरण किया जाएगा। इससे न केवल किसानों को लाभ होगा, बल्कि भविष्य की कृषि नीतियों में भी उनका योगदान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर मिश्रा ने खाद की कालाबाजारी करने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोगों के लिए अब कानून के अंतर्गत सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा, “आज से ही खाद की कालाबाजारी बंद कर दें, अन्यथा सरकार उचित कानूनी कार्रवाई से पीछे नहीं हटेगी। किसानों के अधिकारों से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
कपडे मिश्रा ने बताया कि यह अभियान केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य 1.5 करोड़ किसानों तक सीधा संवाद स्थापित करना है। इसमें 700 से अधिक जिलों में 2000 से अधिक वैज्ञानिक दल भाग लेंगे। इस संवाद के माध्यम से वैज्ञानिक किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराएंगे और उनके सुझावों का संकलन कर आगे की नीतियों में शामिल किया जाएगा।
केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री देश के मुख्य सेवक के रूप में कार्य कर रहे हैं। जनता उन्हें निरंतर आशीर्वाद देती रही है और देश हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है। कृषि, तकनीक, विज्ञान और समाज के हर क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है।”