नई दिल्ली 30 मई – कांग्रेस नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने के फैसले की सराहना की। उन्होंने गुरुवार को कहा, ‘कश्मीर में आर्टिकल 370 एक बड़ी समस्या थी। इससे यह धारणा बन गई थी कि कश्मीर देश के बाकी हिस्से से अलग है। यह सरकार की सोच में भी झलकता था।’
खुर्शीद ने कहा, ‘2019 में आर्टिकल 370 हटने के बाद यह धारणा खत्म हो गई। इसके बाद चुनाव हुए और 65% लोगों ने मतदान लिया। अब कश्मीर में एक चुनी हुई सरकार है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग कश्मीर में आर्टिकल 370 फिर से बहाल करवाना चाहते हैं। वे कश्मीर में आई खुशहाली नहीं देखना चाहते।’
दूसरी तरफ, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने ऑपरेशन सिंदूर पर कोलंबिया सरकार की प्रतिक्रिया की आलोचना की। थरूर ने कोलंबिया के बोगोटा में कहा, ‘कोलंबियाई सरकार ने भारत के प्रति सहानुभूति जताने के बजाय ऑपरेशन सिंदूर से पाकिस्तान में हुई जानमाल की नुकसान पर दुख जताया। भारत इससे निराश है।’
कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘भारत ने सेल्फ-डिफेंस में हमला किया था। हमला करने वालों और बचाव करने वालों में फर्क होता है। जैसे कोलंबिया ने कई आतंकवादी हमलों को झेला है, वैसे ही हमने भारत में भी लगभग चार दशकों तक हमलों को झेला है।’
शशि थरूर और सलमान खुर्शीद ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया को ब्रीफ करने गए भारतीय डेलिगेशन का हिस्सा हैं।
इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज पुंछ में पाकिस्तान की गोलाबारी से प्रभावित लोगों से मिलेंगे। साथ ही खानेतर में BSF कैंप में जवानों से भी मुलाकात करेंगे। शाह दो दिनों के जम्मू-कश्मीर दौरे पर हैं। वे गुरुवार शाम जम्मू पहुंचे थे। उन्होंने कल देर रात राजभवन में हाई लेवल सिक्योरिटी रिव्यू मीटिंग की। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनका पहला जम्मू-कश्मीर दौरा है।