नई दिल्ली। 27 मई 2025 । समाज कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, चुनाव और सहकारिता मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में दिल्ली ओलम्पिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित दिल्ली गेम्स 2025 के समापन समारोह का बतौर विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद अरुण सिंह के साथ शुभारंभ किया।
समाज कल्याण मंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में खेलों के बजट में तीन गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। इस बजट का एक बड़ा हिस्सा खेल अवसंरचना के विकास और आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में निवेश किया गया है। ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत देशभर में 1,000 से अधिक खेलो इंडिया केंद्र स्थापित किए गए हैं। यह योजना जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उनके लिए वरदान बन गई है। खेलो इंडिया से पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में 7 पदक जीतकर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अब भारत 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए प्रयासरत है।
रविन्द्र इन्द्राज ने कहा की दिल्ली गेम्स 2025 ने राजधानी में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और युवाओं को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस आयोजन ने दिल्ली को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाया है।
इस अवसर पर विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी शामिल थीं, जो दिल्ली की विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करती हैं।
मोदी का खेलो इंडिया अभियान बना खिलाड़ियों के लिए वरदान – रविन्द्र इन्द्राज सिंह
Date: