नई दिल्ली ,सोमवार को रिकार्ड्स का दिन सूर्यकुमार यादव के नाम रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के 2 रिकॉर्ड तोड़े। पहले सूर्या ने सचिन तेंदुलकर के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वे MI के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बने। इसके बाद सूर्या ने सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को तोड़ा। वे किसी सीजन में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बैटर भी बने।
IPL-18 के 69वें मैच में पंजाब किंग्स (PBKS) ने मुंबई इंडियंस (MI) को 7 विकेट से हरा दिया। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुंबई ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने जीत का टारगेट 18.3 ओवर में 3 विकेट पर हासिल कर लिया।
सूर्या MI के एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर
मुंबई इंडियंस के लिए किसी एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सूर्यकुमार यादव टॉप पर पहुंच गए। उन्होंने अब तक 14 मैचों में 640 रन बना लिए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिन्होंने 2010 में 618 रन बनाए थे। सूर्यकुमार ने खुद ही इस सूची में तीसरा स्थान भी हासिल किया है, जब उन्होंने 2023 में 605 रन बनाए थे।
सचिन तेंदुलकर एक बार फिर इस सूची में 553 रन (2011) के साथ चौथे स्थान पर हैं। उनके बाद लेंडल सिमंस ने 2015 में 540 रन बनाए थे। वहीं रोहित शर्मा ने 2013 में 538 रन बनाकर इस सूची में छठा स्थान हासिल किया है।
सूर्या के किसी IPL सीजन में सबसे ज्यादा बार 25+ रन
IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा बार 25 या उससे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड अब सूर्यकुमार यादव के नाम है। उन्होंने 2025 सीजन में अब तक 14 बार 25+ रन बनाए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड केन विलियमसन के नाम था, जिन्होंने 2018 में 13 बार यह कारनामा किया था। इसी आंकड़े तक शुभमन गिल भी पहुंचे थे, जब उन्होंने 2023 सीजन में 13 बार 25+ रन बनाए थे।
अब टी20 क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा बार 25+ रन बनाने का रिकॉर्ड भी सूर्यकुमार यादव के नाम है। उन्होंने साउथ अफ्रीका के तेम्बा बावुमा के लगातार 13 बार के 25+ रन का रिकॉर्ड्स तोड़ा।
सूर्यकुमार ने MI के लिए एक सीजन में लगाए सबसे ज्यादा सिक्स
सूर्यकुमार यादव मुंबई इंडियंस के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर बने। वे अब तक 32 छक्के जड़ चुके हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सनथ जयसूर्या के नाम था, जिन्होंने 2008 में 31 छक्के लगाए थे। तीसरे स्थान पर ईशान किशन हैं, जिन्होंने 2020 में 30 छक्के जड़े थे। वहीं किरोन पोलार्ड (2013) और हार्दिक पंड्या (2019) ने 29-29 छक्के लगाकर इस लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।