नई दिल्ली, 1 मई: चुनाव सुधार पर काम करने वाले NGO एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने महिला सांसद और विधायकों को लेकर रिपोर्ट जारी की है। इसमें सामने आया है कि देश की कुल 512 महिला सांसदों और विधायकों में से 28% यानी 143 पर क्रिमिनल केस दर्ज है। इनमें से 78 (15%) पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर आरोप हैं।
वहीं, 17 महिला नेताओं ने अपने चुनावी हलफनामों में अरबपति (100 करोड़ या उससे अधिक संपत्ति) होने का दावा किया है। इनमें लोकसभा की 6, राज्यसभा की 3 और विधानसभा की 8 महिलाएं हैं। 512 महिला सांसदों-विधायकों की कुल घोषित संपत्ति 10,417 करोड़ रुपए है। औसतन हर एक के पास 20.34 करोड़ रुपए की संपत्ति है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 71% महिला नेता ग्रेजुएट या उससे ज्यादा पढ़ी हैं। 24% ने 5वीं से 12वीं तक की पढ़ाई और 12 महिलाओं ने डिप्लोमा किया है। वहीं, महिला सांसदों-विधायकों में 64% की उम्र 41 से 60 साल के बीच, 22% की 25 से 40 साल के बीच और 14% की 61 से 80 साल के बीच है।
कौन सी पार्टी के कितने महिला नेताओं पर क्रिमिनल केस
- भाजपा: 217 महिला सांसद-विधायक, 23% पर केस, 11% पर गंभीर मामले।
- कांग्रेस: 83 में से 34% पर आपराधिक केस, 20% पर गंभीर आरोप।
- TDP: 20 में 65% महिला विधायकों पर केस, 45% पर गंभीर मामलों में केस।
- AAP: 13 में 69% पर आपराधिक केस, 31% पर गंभीर आरोप में केस दर्ज है।
देश के 45% विधायकों पर क्रिमिनल केस, 1205 पर गंभीर आरोप
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के 45% विधायकों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। ADR ने देश के 28 राज्यों और विधानसभा वाले तीन केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 4123 विधायकों में से 4092 के चुनावी हलफनामे का एनालिसिस किया।
आंध्र प्रदेश के सबसे ज्यादा 174 में से 138 (79%) विधायकों ने, जबकि सिक्किम में सबसे कम 32 में से सिर्फ एक विधायक (3%) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) के सबसे ज्यादा 134 विधायकों में से 115 (86%) पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
चंद्रबाबू सबसे अमीर CM, ममता ₹15 लाख के साथ सबसे गरीब 30 दिसंबर 2024 को जारी रिपोर्ट से पता चला कि आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू देश के सबसे अमीर मुख्यमंत्री हैं। उनके पास 931 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति है। वहीं, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी 15 लाख रुपए की संपत्ति के साथ सबसे गरीब हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-2024 में जहां भारत की प्रति व्यक्ति नेट नेशनल इनकम (NNI) करीब 1 लाख 85 हजार 854 रुपए रही, वहीं एक मुख्यमंत्री की औसत आय 13 लाख 64 हजार 310 रुपए थी।
यह भारत की औसत प्रति व्यक्ति आय से करीब 7.3 गुना ज्यादा है। 31 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की औसत संपत्ति 52.59 करोड़ रुपए, जबकि कुल संपत्ति 1,630 करोड़ रुपए है।